Skip to main content

सैंट मैरी आइलैंड की रहस्यमयी चट्टानें


1 मार्च 2019

जैसे ही प्रतीक ने सैंट मैरी आइलैंड का नाम लिया, तुरंत गूगल किया और मेरे सामने थे आइलैंड के बहुत सारे फोटो। जितना पढ़ सकता था, पढ़ा और फाइनली तय किया कि यहाँ जरूर जाएँगे।

हम उडुपि में थे और हमें दक्षिण की ओर जाना था। लेकिन प्रतीक ने हमें उडुपि के उत्तर में 50 किलोमीटर दूर मरवंते बीच जाने का भी लालच दे दिया। गर्मी बहुत ज्यादा होने लगी थी और हम दक्षिण की इस यात्रा को विराम दे देना चाहते थे। उडुपि से मरवंते जाकर फिर से उडुपि लौटना पड़ता। हम जाना भी चाहते थे और नहीं भी जाना चाहते थे।

लेकिन सैंट मैरी आइलैंड के बारे में कोई कन्फ्यूजन नहीं था।

होटल से सीधी सड़क जाती थी, नाक की सीध में। पहले उडुपि शहर और उसके बाद मालपे। मालपे पार करने के बाद हमारे सामने समुद्र था और यहीं पर एक पार्किंगनुमा जगह पर कुछ गाड़ियाँ खड़ी थीं, जिनमें दो बसें भी थीं। इन बसों से अभी-अभी स्कूली छात्र उतरे थे, जो सैंट मैरी आइलैंड जाएँगे। 300 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट था आने-जाने का। मैंने 1000 रुपये देकर दो टिकट लिए और बाकी 400 रुपये लेना भूल गया, लेकिन जल्द ही कन्नड, हिंदी और इंगलिश में आवाजें लगाकर मुझे 400 रुपये दे दिए गए।

फेरी चल पड़ी साढ़े चार किलोमीटर की समुद्री यात्रा पर। इसमें डी.जे. लगा था और सभी के पास नाचने का बहाना भी था। सभी स्कूली छात्र नाचने लगे। इनके साथ कुछ अन्य यात्री भी लग लिए। हमारे अलावा कुछ बुजुर्ग यात्री और कुछ मुसलमान यात्री इन्हें नाचते देखते रहे।



समुद्र में चट्टानों के छोटे-छोटे टुकड़े बाहर निकले हुए थे। अगर यहाँ समुद्र न होता, तो ये ऊँचे पहाड़ों की चोटियाँ होतीं। इन्हीं टुकड़ों में कुछ अत्यंत छोटे हैं, तो कुछ सैंट मैरी आइलैंड जितने बड़े।

इसके बारे में आपको बता दूँ कि करोड़ों साल पहले भारत और अफ्रीका जुड़े हुए थे। फिर धीरे-धीरे अलग होना शुरू हुए। आज जहाँ मेडागास्कर है, भारत वहीं से अफ्रीका से अलग हुआ था। अलग होने की इस प्रक्रिया में भी करोड़ों साल लगे थे। इस दौरान भारत यानी गोंडवानालैंड में अनगिनत ज्वालामुखी विस्फोट हुए। बहुत सारा लावा निकला और गोंडवानालैंड में फैल गया। फिर जब वो लावा सूखा, तो उसने भारतीय प्रायद्वीप का निर्माण किया। पश्चिमी घाट के पहाड़ भी उसी से बने हैं।

अब हुआ ये कि यहाँ उस लावे की बड़ी विचित्र फोरमेशन बन गई। जैसे तालाब सूखने पर पहले कीचड़ बनता है और फिर कीचड़ के भी सूख जाने पर मिट्टी में दरारें आ जाती हैं और हेक्सागोनल शेप बन जाती है, उसी तरह लावा सूखने पर यहाँ भी चट्टानों की हेक्सागोनल शेप बन गई। यहाँ ऊँचे-ऊँचे हेक्सागोनल कॉलम बन गए, जो हैं तो एक-दूसरे से अलग, लेकिन साथ चिपके हुए हैं।

यह स्थान भारत के नेशनल जियोलॉजिकल मोन्यूमेंट्स में से एक है। जियोलॉजिकल मोन्यूमेंट्स वे होते हैं, जो जियोलोजी की दृष्टि से विशेष होते हैं।

साढ़े चार किलोमीटर की समुद्री यात्रा के दौरान ही हमें इस आइलैंड का काफी सारा हिस्सा दिख जाता है। साथ ही हमें यह भी पता चल गया कि इसके दक्षिणी सिरे पर ऐसी चट्टानें भरी पड़ी हैं और हमें सीधे वहीं जाना चाहिए।

यह वास्तव में एक रोमांचकारी जगह है। षट्‍कोणीय काट वाली चट्टानों के ऊँचे-ऊँचे पिलर्स एक-दूसरे से चिपककर खड़े हैं। आप सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि ऐसी कौन-सी ताकत है, कौन-सी थ्योरी है जिसके कारण ये चट्टानें ऐसी हो गईं।

मुझे हिमाचल में श्रीखंड महादेव के पास स्थित भीमशिला की चट्टानें याद आ गईं। वहाँ समुद्र तल से 5200 मीटर ऊपर विशालकाय चट्टानों में एक निश्चित पैटर्न पर छेद बने हुए हैं।

जो भी हो, इसका विस्तार से जवाब तो भूवैज्ञानिक ही दे सकते हैं। हम तो यहाँ यात्रा करने जा सकते हैं और इनके बारे में दुनिया को बता सकते हैं। और वही हम कर रहे हैं।

और जब आप उडुपि आ ही गए हैं, तो मरवंते भले ही न जाएँ, लेकिन बेंगरे बीच जरूर जाइए। यहाँ सुवर्णा, सीता और पडुकेरे नदियाँ संगम बनाकर समुद्र में मिलती हैं। तो इन नदियों के संगम और समुद्र के बीच में छह-सात किलोमीटर लंबी और 100-200 मीटर चौड़ी संकरी पट्टी है। इस पट्टी पर आखिर तक सड़क बनी है। एक तरफ नदियों का संगम और दूसरी तरफ अरब सागर - यहाँ होना ही अलौकिक अनुभव होता है।

Veg Food in Udupi

आइलैंड जाते समय समुद्र से बाहर झाँकती चट्टानें





Welcome to St. Mary's Island

Hexagonal Columns of St. Mary's Island





सैंट मैरी आइलैंड की विचित्र चट्टानें














VIDEO





आगे पढ़ें: कूर्ग में एक दिन


1. दक्षिण भारत यात्रा के बारे में
2. गोवा से बादामी की बाइक यात्रा
3. दक्षिण भारत यात्रा: बादामी भ्रमण
4. दक्षिण भारत यात्रा: पट्टडकल - विश्व विरासत स्थल
5. क्या आपने हम्पी देखा है?
6. दारोजी भालू सेंचुरी में काले भालू के दर्शन
7. गंडीकोटा: भारत का ग्रांड कैन्योन
8. लेपाक्षी मंदिर
9. बंगलौर से बेलूर और श्रवणबेलगोला
10. बेलूर और हालेबीडू: मूर्तिकला के महातीर्थ - 1
11. बेलूर और हालेबीडू: मूर्तिकला के महातीर्थ - 2
12. बेलूर से कलश बाइक यात्रा और कर्नाटक की सबसे ऊँची चोटी मुल्लायनगिरी
13. कुद्रेमुख, श्रंगेरी और अगुंबे
14. सैंट मैरी आइलैंड की रहस्यमयी चट्टानें
15. कूर्ग में एक दिन
16. मैसूर पैलेस: जो न जाए, पछताए
17. प्राचीन मंदिरों के शहर: तालाकाडु और सोमनाथपुरा
18. दक्षिण के जंगलों में बाइक यात्रा
19. तमिलनाडु से दिल्ली वाया छत्तीसगढ़



Comments

Popular posts from this blog

पुरी यात्रा- जगन्नाथ मन्दिर और समुद्र तट

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 23 अगस्त 2011 को दोपहर तक कोणार्क से मैं वापस पुरी आ गया। टम्पू वाले ने सीधा जगन्नाथ मन्दिर के सामने ही जा पटका। नीचे उतरते ही पण्डों ने घेर लिया कि आ गया शिकार। मैं खुद कभी पूजा-पाठ करता नहीं हूं, पण्डों की क्या मजाल कि यहां भी मुझसे करवा दें। पता चला कि अन्दर मन्दिर में जूते-चप्पल, मोबाइल, कैमरा नहीं ले जा सकते। चप्पल निकालकर मैंने मन्दिर के सामने ही जूताघर में रख दिये। जेब में मोबाइल और कैमरा, पीछे कमर पर बैग लादकर मैं मन्दिर में घुसने लगा। ‘सुरक्षाकर्मियों’ ने सीधे जेब पर हाथ मारा और कहा कि इसे अन्दर नहीं ले जा सकते। वापस जाओ। वापस गया और कैमरा, मोबाइल भी वही जूताघर में रख आया। अब धर्म के इन ठेकेदारों का कायदा-कानून देखिये कि किसी भी कथित सुरक्षाकर्मी ने मेरा भारी-भरकम बैग चेक तक नहीं किया, चेक करना तो दूर कन्धे से उतारने तक को नहीं कहा। मैं आश्चर्यचकित रह गया कि जिस सुरक्षा के नाम पर परम सुरक्षित मोबाइल, कैमरे को अन्दर नहीं ले जाने देते, वही घोर असुरक्षित बैग को कुछ नहीं कह रहे हैं। बस, एक इसी घटना के कारण भारत ...

कोटेश्वर और नारायण सरोवर

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 18 जनवरी 2015 लखपत से नारायण सरोवर की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। किले से निकलते ही एक सडक तो बायें हाथ भुज चली जाती है और एक दाहिने वाली जाती है नारायण सरोवर। नारायण सरोवर से दो किलोमीटर आगे कोटेश्वर है। जैसा कि कई अन्य स्थानों पर भी कथा प्रचलित है कि रावण ने तपस्या करी, शिवजी प्रसन्न हुए और शिवलिंग के रूप में रावण के साथ लंका जाने लगे। लेकिन शर्त लगा दी कि अगर शिवलिंग को जमीन पर रख दिया तो फिर उठाये नहीं उठूंगा। ऐसा ही कोटेश्वर में हुआ। रावण को लघुशंका लगी और शिवजी यहीं पर विराजमान हो गये। अब वर्तमान में मानचित्र देखें तो सन्देह होता है कि रावण शिवजी को कैलाश से ला रहा था या पुरुषपुर से। कैलाश-लंका के बीच में कोटेश्वर दूर-दूर तक भी नहीं आता।

मुगलसराय से गोमो पैसेंजर ट्रेन यात्रा

दिल्ली से मुगलसराय 1 सितम्बर 2014, सोमवार सितम्बर की पहली तारीख को मेरी नंदन कानन एक्सप्रेस छूट गई। सुबह साढे छह बजे नई दिल्ली से ट्रेन थी और मुझे ऑफिस में ही सवा छह बज गये थे। फिर नई दिल्ली जाने की कोशिश भी नहीं की और सीधा कमरे पर आ गया। इस बार मुझे मुगलसराय से हावडा को अपने पैसेंजर ट्रेन के नक्शे में जोडना था। ऐसा करने से दिल्ली और हावडा भी जुड जाते। दिल्ली-मुम्बई पहले ही जुडे हुए हैं। पहले भी हावडा की तरफ जाने की कोशिश की थी लेकिन पीछे हटना पडता था। इसका कारण था कि भारत के इस हिस्से में ट्रेनें बहुत लेट हो जाती हैं। चूंकि स्टेशनों के फोटो भी खींचने पडते थे, इसलिये सफर दिन में ही कर सकता था। इस तरह मुगलसराय से पहले दिन चलकर गोमो तक जा सकता था और दूसरे दिन हावडा तक। हावडा से वापस दिल्ली आने के लिये वैसे तो बहुत ट्रेनें हैं लेकिन शाम को ऐसी कोई ट्रेन नहीं थी जिससे मैं अगले दिन दोपहर दो बजे से पहले दिल्ली आ सकूं। थी भी तो कोई भरोसे की नहीं थी सिवाय राजधानी के। राजधानी ट्रेनें बहुत महंगी होती हैं, इसलिये मैं इन्हें ज्यादा पसन्द नहीं करता।