Skip to main content

दक्षिण के जंगलों में बाइक यात्रा

6 मार्च 2019
हम मैसूर में थे और इतना तो फाइनल हो ही गया था कि अब हम पूरा केरल नहीं घूमेंगे और कन्याकुमारी तक भी नहीं जाएँगे। यहाँ गर्मी बर्दाश्त से बाहर होने लगी थी और हिमालय से बर्फबारी की खबरें आ रही थीं। मुझे चेन्नई निवासी शंकर राजाराम जी की याद आई। आजकल वे हिमालय में थे और जनवरी में हिमालय जाते समय वे हमारे यहाँ भी होकर गए थे। और उस समय वे चेन्नई की गर्मी से परेशान थे और बार-बार कह रहे थे कि उन्हें भी साउथ की गर्मी बर्दाश्त नहीं होती। अब जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं, हमें शंकर सर भी याद आ रहे हैं और साउथ की गर्मी भी उतनी ही भयानक लगती जा रही है।
लेकिन दीप्ति की इच्छा ऊटी देखने की थी। ऊटी समुद्र तल से 2000 मीटर से ज्यादा ऊँचाई पर है और इतनी ऊँचाई पर तापमान काफी कम रहता है। लेकिन हम कितने दिन ऊटी में बिता सकते हैं? ऊटी के चारों तरफ ढलान है और चारों ही तरफ नीचे उतरने पर भयानक गर्मी है। हम दो-चार दिन ऊटी में रुक सकते हैं, लेकिन आखिरकार कहीं भी जाने के लिए इस भयानक गर्मी में एंट्री मारनी ही पड़ेगी। इसलिए मुझे ऊटी भी आकर्षक नहीं लग रहा था।
अब जब दीप्ति की इच्छा के कारण मैसूर से ऊटी जाना ही है, तो एक दिन और लगाकर कुछ जंगलों में बाइक राइडिंग करने की इच्छा होने लगी। कर्नाटक के इस हिस्से में दो नेशनल पार्क हैं - नागरहोल और बांदीपुर। नागरहोल कर्नाटक-केरल सीमा पर है और बांदीपुर कर्नाटक-केरल-तमिलनाडु सीमा पर। कर्नाटक से बाहर सीमा के उस तरफ केरल और तमिलनाडु में भी नेशनल पार्क और वाइल्डलाइफ सेंचुरी हैं। यानी यह क्षेत्र घने जंगलों वाला क्षेत्र है।
तो फाइनल डिसीजन ये लिया कि हम नागरहोल नेशनल पार्क से होते हुए केरल के वायनाड जिले में प्रवेश करेंगे। एक रात वायनाड में कहीं पर रुककर बांदीपुर नेशनल पार्क होते हुए वापस कर्नाटक आएँगे और फिर मैसूर-ऊटी सड़क पकड़कर तमिलनाडु स्थित मुदुमलई नेशनल पार्क से होते हुए ऊटी जाएँगे।




तो मैसूर से चल दिए और जल्दी ही नागरहोल नेशनल पार्क में एंट्री कर गए। सड़क अच्छी बनी है, लेकिन केवल 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से ही गाड़ी चलाने की अनुमति है। हमें भी यही चाहिए था। हम ”डैड स्लो” स्पीड पर चलते रहे। कुछ हिरण और लंगूर जरूर दिखे, बाकी कोई ना दिखा।
रात कलपेट्टा के पास मीनंगाडी में रुके। ओयो की मदद से 400 रुपये में एक नॉन-एसी 2 बी.एच.के. मिल गया था। वायनाड में आपको इस तरह के बहुत सारे होमस्टे मिल जाएँगे, लेकिन वायनाड घूमने का सर्वोत्तम समय है मानसून।

पास में ही इडक्कल गुफाएँ हैं। लेकिन अगले दिन जब हम वहाँ पहुँचे, तो पता चला कि डेढ-दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। पैदल चलने से कोई समस्या नहीं थी हमें, लेकिन धूप से समस्या थी। हमने हाथ खड़े कर दिए। एक तो यह साउथ घूमने का सर्वोत्तम समय ही नहीं है, फिर क्यों धूप में मरें? कभी मानसून में आएँगे।

बांदीपुर नेशनल पार्क के अंदर भी हम “डैड स्लो” स्पीड पर चले। नेशनल पार्क के अंदर रुकना मना है, केवल चलते रहे। जहाँ जंगली हाथी तो बेशुमार हैं, साथ ही यह टाइगर रिजर्व भी है। पार्क के कर्मचारी लगातार पेट्रोलिंग करते रहते हैं, ताकि कोई रुके नहीं। और हाँ रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक इस सड़क पर वाहनों का आवागमन बंद रहता है।
यहाँ भी लंगूरों के अलावा कोई ना दिखा। पार्क से बाहर आकर फिर मैसूर-ऊटी सड़क पकड़ ली। यह सड़क जब तक कर्नाटक में रहती है, तब तक बांदीपुर नेशनल पार्क से होकर गुजरती है और जैसे ही तमिलनाडु शुरू होता है, वैसे ही मुदुमलई नेशनल पार्क भी शुरू हो जाता है। जंगल वही है, जंगली जानवर भी वही हैं, बस नाम बदल गए। इस सड़क पर भी रात में वाहन चलाना मना है।
और फिर 36-बैंड वाली सड़क से होते हुए शाम 5 बजे तक ऊटी पहुँच गए।


नागरहोल नेशनल पार्क






वायनाड में इसी में हम 400 रुपये में रुके थे...

वो दूर दिखतीं इडक्कल गुफाएँ

बांदीपुर नेशनल पार्क






मैसूर-ऊटी सड़क पर कर्नाटक समाप्त...

और तमिलनाडु शुरू







VIDEO





अगला भाग: तमिलनाडु से दिल्ली वाया छत्तीसगढ़


1. दक्षिण भारत यात्रा के बारे में
2. गोवा से बादामी की बाइक यात्रा
3. दक्षिण भारत यात्रा: बादामी भ्रमण
4. दक्षिण भारत यात्रा: पट्टडकल - विश्व विरासत स्थल
5. क्या आपने हम्पी देखा है?
6. दारोजी भालू सेंचुरी में काले भालू के दर्शन
7. गंडीकोटा: भारत का ग्रांड कैन्योन
8. लेपाक्षी मंदिर
9. बंगलौर से बेलूर और श्रवणबेलगोला
10. बेलूर और हालेबीडू: मूर्तिकला के महातीर्थ - 1
11. बेलूर और हालेबीडू: मूर्तिकला के महातीर्थ - 2
12. बेलूर से कलश बाइक यात्रा और कर्नाटक की सबसे ऊँची चोटी मुल्लायनगिरी
13. कुद्रेमुख, श्रंगेरी और अगुंबे
14. सैंट मैरी आइलैंड की रहस्यमयी चट्टानें
15. कूर्ग में एक दिन
16. मैसूर पैलेस: जो न जाए, पछताए
17. प्राचीन मंदिरों के शहर: तालाकाडु और सोमनाथपुरा
18. दक्षिण के जंगलों में बाइक यात्रा
19. तमिलनाडु से दिल्ली वाया छत्तीसगढ़



Comments

  1. गर्मी ने खलल डाल दिया जी, यात्रा अच्छी चल रही थी।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

पुरी यात्रा- जगन्नाथ मन्दिर और समुद्र तट

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 23 अगस्त 2011 को दोपहर तक कोणार्क से मैं वापस पुरी आ गया। टम्पू वाले ने सीधा जगन्नाथ मन्दिर के सामने ही जा पटका। नीचे उतरते ही पण्डों ने घेर लिया कि आ गया शिकार। मैं खुद कभी पूजा-पाठ करता नहीं हूं, पण्डों की क्या मजाल कि यहां भी मुझसे करवा दें। पता चला कि अन्दर मन्दिर में जूते-चप्पल, मोबाइल, कैमरा नहीं ले जा सकते। चप्पल निकालकर मैंने मन्दिर के सामने ही जूताघर में रख दिये। जेब में मोबाइल और कैमरा, पीछे कमर पर बैग लादकर मैं मन्दिर में घुसने लगा। ‘सुरक्षाकर्मियों’ ने सीधे जेब पर हाथ मारा और कहा कि इसे अन्दर नहीं ले जा सकते। वापस जाओ। वापस गया और कैमरा, मोबाइल भी वही जूताघर में रख आया। अब धर्म के इन ठेकेदारों का कायदा-कानून देखिये कि किसी भी कथित सुरक्षाकर्मी ने मेरा भारी-भरकम बैग चेक तक नहीं किया, चेक करना तो दूर कन्धे से उतारने तक को नहीं कहा। मैं आश्चर्यचकित रह गया कि जिस सुरक्षा के नाम पर परम सुरक्षित मोबाइल, कैमरे को अन्दर नहीं ले जाने देते, वही घोर असुरक्षित बैग को कुछ नहीं कह रहे हैं। बस, एक इसी घटना के कारण भारत ...

मुगलसराय से गोमो पैसेंजर ट्रेन यात्रा

दिल्ली से मुगलसराय 1 सितम्बर 2014, सोमवार सितम्बर की पहली तारीख को मेरी नंदन कानन एक्सप्रेस छूट गई। सुबह साढे छह बजे नई दिल्ली से ट्रेन थी और मुझे ऑफिस में ही सवा छह बज गये थे। फिर नई दिल्ली जाने की कोशिश भी नहीं की और सीधा कमरे पर आ गया। इस बार मुझे मुगलसराय से हावडा को अपने पैसेंजर ट्रेन के नक्शे में जोडना था। ऐसा करने से दिल्ली और हावडा भी जुड जाते। दिल्ली-मुम्बई पहले ही जुडे हुए हैं। पहले भी हावडा की तरफ जाने की कोशिश की थी लेकिन पीछे हटना पडता था। इसका कारण था कि भारत के इस हिस्से में ट्रेनें बहुत लेट हो जाती हैं। चूंकि स्टेशनों के फोटो भी खींचने पडते थे, इसलिये सफर दिन में ही कर सकता था। इस तरह मुगलसराय से पहले दिन चलकर गोमो तक जा सकता था और दूसरे दिन हावडा तक। हावडा से वापस दिल्ली आने के लिये वैसे तो बहुत ट्रेनें हैं लेकिन शाम को ऐसी कोई ट्रेन नहीं थी जिससे मैं अगले दिन दोपहर दो बजे से पहले दिल्ली आ सकूं। थी भी तो कोई भरोसे की नहीं थी सिवाय राजधानी के। राजधानी ट्रेनें बहुत महंगी होती हैं, इसलिये मैं इन्हें ज्यादा पसन्द नहीं करता।

मैं जंगल में भटक गया

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । कुल्लू के पास बिजली महादेव का मन्दिर है। यहां से पूरा कुल्लू शहर और भून्तर साफ-साफ दिखाई देते हैं। जाने का एकमात्र रास्ता कुल्लू से ही है। लेकिन मैने इरादा किया भून्तर की तरफ से उतरने का। उतरने लगा तो कुछ चरवाहे मिले। उन्होने रास्ता बता दिया। उनके बताये रास्ते पर चलते हुए कुछ दूर जाने पर नीचे उतरती सीढियां मिलीं। सामने बहुत दूर पार्वती नदी दिख रही थी और मणिकर्ण जाने वाली सडक भी। सडक पर चलती हुईं कारें, बसें बहुत नन्ही-नन्ही दिख रही थीं। शाम के पांच बजे के आसपास का टाइम था। मैने अपना लक्ष्य रखा दो घण्टे में यानी सात बजे तक नीचे नदी तक उतरने का। पहाडों का जो थोडा बहुत अनुभव था, उससे अन्दाजा लगाया कि दो घण्टे में नदी तक उतरना बहुत मुश्किल काम है। इसीलिये चलने की स्पीड भी बढा दी।