Skip to main content

श्रीवर्धन बीच और हरिहरेश्वर बीच

20 सितंबर 2018
हमें नहीं पता था कि श्रीवर्धन इतना बड़ा है। कल हम जब यहाँ आए थे तो अंधेरा हो चुका था और गूगल मैप बता रहा था कि बस, इससे आगे कोई सड़क नहीं है। एक चौराहे पर खड़े होकर चारों ओर देखा, कोई नहीं दिखाई दिया। क्या यही है श्रीवर्धन? प्रतीक ने बताया था कि यहाँ होटल मिल जाएँगे। कहाँ हैं होटल? चलो, एक बार समुद्र की ओर चलकर देखते हैं।
तो 600 रुपये का यह कमरा मिल गया। कमरा भी तब मिला, जब हमारे आवाज लगाने पर मालिक अपने घर से बाहर निकला - “आधा घंटा रुकिए, मैं सफाई कर देता हूँ।”
“और इन मच्छरों का क्या करें? क्या ये भी आधा घंटा रुक जाएँगे? आप एक काम कीजिए, कमरा जैसा भी है, वैसा ही दे दीजिए। हमें कोई दिक्कत नहीं होगी।”
“नहीं जी, ऐसा कैसे हो सकता है? बस, थोड़ा-सा टाइम दो मुझे।’’
“सामान तो रख लेने दो। आप सफाई करते रहना।”
इसी दौरान मुझे समय मिल गया कमरे के अंदर घुसने का। ऐसा लगता था जैसे कोई अभी-अभी कमरा खाली करके गया हो। बिस्तर पर सिलवटें पड़ी हुई थीं, बस।
लेकिन आधे घंटे बाद ऐसा लग रहा था जैसे कमरा अभी-अभी बनाकर रेडी किया है और हम पहले ही कस्टमर हैं। एकदम नई-नकोर चादरें और सेंट की खुशबू से कमरा मालामाल था। कुछ अगरबत्तियाँ भी थीं और एक माचिस भी। बाहर मच्छर थे, कमरे में एक भी मच्छर नहीं था।







तो ऐसा था श्रीवर्धन। शाम को ही बीच पर टहलने चले गए। कुछ लोग और भी थे और एक फलूदे वाला भी था। फलूदा खा लिया, बीच देख लिया और मच्छरों से परेशान भी हुए। लेकिन एक बात समझ में आ गई - यह बीच दिन में भी आने लायक है।

तो आज तड़के-तड़क दस बजे उठते ही सबसे पहले यही काम किया। बीच की तरफ टहलने निकल गए। न कोई यात्री था, न फलूदे वाला और न ही मच्छर। बीच पर केवल हमीं थे। बीच के समांतर सवा किलोमीटर लंबा पक्का चबूतरा बना है, जिस पर आप चहलकदमी भी कर सकते हैं और आराम से बैठ भी सकते हैं। हमने भी कुछ देर चहलकदमी की, लेकिन बोर हो गए। फिर कुछ देर बैठे भी, लेकिन फिर से बोर हो गए। और दो बार बोर होने का एक ही अर्थ है - अब निकल लो यहाँ से।

सारा सामान बाँधकर और होटल वाले को 700 रुपये का पेमेंट करके हम निकल लिए। 700 किस बात के? 600 का कमरा था और रात 100 रुपये का हम दोनों ने भरपेट भोजन किया था। निकलकर एक किलोमीटर भी नहीं गए कि भीड़-भरा एक बाजार प्रकट हो गया।

तू कहाँ था भाई? कल तो सन्नाटा पड़ा था।

एक व्यस्त बाजार में जो होता है, वो सब यहाँ था। लाल रंग की रोडवेज बसें भी और वडापाव भी। कढ़ाई में वडापाव उतरते देखते ही हम दोनों की जीभ लपलपा उठी और वडापाव के साथ चाय भी मांग ली। जवाब मिला - “हम केवल वडापाव के स्पेशलिस्ट हैं। हम चाय नहीं बनाते।”
और कसम से, वो वाकई वडापाव का स्पेशलिस्ट था। आज तक ऐसा वडापाव हमने नहीं खाया था। दोनों ने चालीस रुपये के चार वडापाव उदरस्थ कर दिए।

यहीं से हरिहरेश्वर का रास्ता भी पता चल गया - “पूरे 20 किलोमीटर... सीधे ही चलते जाओ... कहीं भी नहीं मुड़ना।”
“लेकिन हरिहरेश्वर तो यहाँ से दक्षिण में 5 किलोमीटर दूर है। और आप सीधे पूरब में 20 किलोमीटर जाने को कह रहे हो?”
“हाँ, है नजदीक ही। लेकिन सड़क यही है।”

यह बड़ी चमत्कारी सड़क है। सड़क तो उल्टे ‘C’ के आकार में है, लेकिन है सीधी। इसमें से दिवेआगर की सड़क अलग होती है, म्हसला की सड़क अलग होती है, और भी दो-तीन सड़कें अलग होती हैं, लेकिन यह इतनी होशियार है कि आपको बिना किसी कन्फ्यूजन के हरिहरेश्वर पहुँचा देगी।

तो हम भी कुछ देर में हरिहरेश्वर बीच पर थे और मजा आ गया। पेड़ों की छाँव और कंक्रीट की बनी बेंचें। हमें देखते ही एक बग्गीवाले ने अपना घोड़ा खोला और बग्गी में जोतकर बीच पर उसे भगाने लगा। बार-बार हमें देखने के बाद जब उसे पक्का भरोसा हो गया कि हमें बग्गी का कोई लालच नहीं हो रहा है, तो घोड़े को उसकी जगह बांध दिया और अपने तिरपाल में जाकर सो गया। और बेंच पर लेटे-लेट एक नींद मैंने भी ले ली। तेज धूप थी, लहरों की आवाज थी और शीतल हवा थी।
कसम से, मुझे तो हरिहरेश्वर बड़ा पसंद आया। अगर प्रतीक हमें इधर न भेजता तो हम कभी न आते। धन्यवाद प्रतीक भाई...

अब हमें जाना था महाबलेश्वर। महाबलेश्वर पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में स्थित है और यहाँ से लगभग 140 किलोमीटर दूर है। अगर सीधे गोवा की ओर जाना होता, तो हम यहीं कहीं से सावित्री नदी नाव के द्वारा पार करके तट के साथ-साथ चलते रहते, लेकिन महाबलेश्वर जाने के कारण समुद्र से दूर होते गए और हमें रास्ता बताती गई सावित्री नदी।
इधर मानव आबादी बहुत कम है। लेकिन घास के बड़े-बड़े मैदान हैं। ऊँची-ऊँची घास के मैदान। हरिहरेश्वर से जब सावित्री के साथ-साथ महाड़ की ओर बढ़ते हैं, तो शुरू में दूर-दूर तक ये मैदान ही मिलते हैं। इनके बाद पहाड़ी भू-भाग मिलता है। लेकिन घास के इन मैदानों में पतली-सी सड़क पर मोटरसाइकिल चलाने का जो आनंद था, वो आगे पहाड़ों में भी नहीं मिला। मुझे वाकई अभी भी इस क्षेत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है, अन्यथा बहुत कुछ लिखता।
इस मैदान में अचानक ही कोई तिराहा प्रकट हो जाता, चौराहा प्रकट हो जाता, कहीं पर ग्रामीण खड़े बस की प्रतीक्षा कर रहे होते, कहीं गाँव दिखते, कहीं गाँव नहीं दिखते... और तभी महाराष्ट्र परिवहन की लाल रंग की बस सामने से आती दिखाई पड़ती, जिस पर गंतव्य का नाम लिखा होता, जो नाम मैंने पहले कभी नहीं सुना था।


श्रीवर्धन बीच



श्रीवर्धन बीच







श्रीवर्धन में स्पेशलिस्ट वाला वडापाव

श्रीवर्धन से हरिहरेश्वर जाती सड़क

हरिहरेश्वर बीच...








हरिहरेश्वर बीच...


हरिहरेश्वर से महाड़ जाने वाली सड़क...





सावित्री नदी के किनारे...

सावित्री नदी
















1. चलो कोंकण: दिल्ली से इंदौर
2. चलो कोंकण: इंदौर से नासिक
3. त्रयंबकेश्वर यात्रा और नासिक से मुंबई
4. मालशेज घाट - पश्चिमी घाट की असली खूबसूरती
5. भीमाशंकर: मंजिल नहीं, रास्ता है खूबसूरत
6. भीमाशंकर से माणगाँव
7. जंजीरा किले के आसपास की खूबसूरती
8. दिवेआगर बीच: खूबसूरत, लेकिन गुमनाम
9. कोंकण में एक गुमनाम बीच पर अलौकिक सूर्यास्त
10. श्रीवर्धन बीच और हरिहरेश्वर बीच
11. महाबलेश्वर यात्रा
12. कास पठार... महाराष्ट्र में ‘फूलों की घाटी’
13. सतारा से गोवा का सफर वाया रत्‍नागिरी
14. गोवा में दो दिन - ओल्ड गोवा और कलंगूट, बागा बीच
15. गोवा में दो दिन - जंगल और पहाड़ों वाला गोवा
16. गोवा में दो दिन - पलोलम बीच




Comments

Popular posts from this blog

डायरी के पन्ने- 30 (विवाह स्पेशल)

ध्यान दें: डायरी के पन्ने यात्रा-वृत्तान्त नहीं हैं। 1 फरवरी: इस बार पहले ही सोच रखा था कि डायरी के पन्ने दिनांक-वार लिखने हैं। इसका कारण था कि पिछले दिनों मैं अपनी पिछली डायरियां पढ रहा था। अच्छा लग रहा था जब मैं वे पुराने दिनांक-वार पन्ने पढने लगा। तो आज सुबह नाइट ड्यूटी करके आया। नींद ऐसी आ रही थी कि बिना कुछ खाये-पीये सो गया। मैं अक्सर नाइट ड्यूटी से आकर बिना कुछ खाये-पीये सो जाता हूं, ज्यादातर तो चाय पीकर सोता हूं।। खाली पेट मुझे बहुत अच्छी नींद आती है। शाम चार बजे उठा। पिताजी उस समय सो रहे थे, धीरज लैपटॉप में करंट अफेयर्स को अपनी कापी में नोट कर रहा था। तभी बढई आ गया। अलमारी में कुछ समस्या थी और कुछ खिडकियों की जाली गलकर टूटने लगी थी। मच्छर सीजन दस्तक दे रहा है, खिडकियों पर जाली ठीकठाक रहे तो अच्छा। बढई के आने पर खटपट सुनकर पिताजी भी उठ गये। सात बजे बढई वापस चला गया। थोडा सा काम और बचा है, उसे कल निपटायेगा। इसके बाद धीरज बाजार गया और बाकी सामान के साथ कुछ जलेबियां भी ले आया। मैंने धीरज से कहा कि दूध के साथ जलेबी खायेंगे। पिताजी से कहा तो उन्होंने मना कर दिया। यह मना करना मुझे ब...

दिल्ली से सुन्दरनगर वाया ऊना

योजना थी कि 3 मई की सुबह निकल पडेंगे और दोपहर तक अम्बाला से आगे बनूड में अपनी एक रिश्तेदारी में रात रुकेंगे और अगले दिन सुन्दरनगर जायेंगे। लेकिन एक गडबड हो गई। नाइट ड्यूटी की थी, सुबह नींद आने लगी इसलिये नहीं निकल सके। मैं अक्सर नाइट ड्यूटी करके निकल पडता हूं लेकिन हमेशा थोडे ही ऐसा होता है। नींद तो आती ही है; कभी जल्दी, कभी देर से। इस बार जल्दी आ गई। फिर सोचा कि दोपहर तक सोकर फिर निकलेंगे और रात तक बनूड पहुंच जायेंगे। दोपहर को केशव का फोन आ गया। हम साथ में ही काम करते हैं। उसकी लडकी को देखने वाले आ रहे हैं। मिलने-जुलने का कार्यक्रम लडके वालों ने कहीं बाहर रखने को कहा था तो केशव को मैं याद आ गया। कई दिन पहले इस बारे में बात हो गई थी। अब जब फोन आया तो मैंने सोचा कि दो परिवार आयेंगे, तो कुछ खाने-पीने का भी कार्यक्रम बनेगा। इस मौके को क्यों छोडा जाये? दोपहर को भी निकलना नहीं हुआ।

डायरी के पन्ने-32

ध्यान दें: डायरी के पन्ने यात्रा-वृत्तान्त नहीं हैं। इस बार डायरी के पन्ने नहीं छपने वाले थे लेकिन महीने के अन्त में एक ऐसा घटनाक्रम घटा कि कुछ स्पष्टीकरण देने के लिये मुझे ये लिखने पड रहे हैं। पिछले साल जून में मैंने एक पोस्ट लिखी थी और फिर तीन महीने तक लिखना बन्द कर दिया। फिर अक्टूबर में लिखना शुरू किया। तब से लेकर मार्च तक पूरे छह महीने प्रति सप्ताह तीन पोस्ट के औसत से लिखता रहा। मेरी पोस्टें अमूमन लम्बी होती हैं, काफी ज्यादा पढने का मैटीरियल होता है और चित्र भी काफी होते हैं। एक पोस्ट को तैयार करने में औसतन चार घण्टे लगते हैं। सप्ताह में तीन पोस्ट... लगातार छह महीने तक। ढेर सारा ट्रैफिक, ढेर सारी वाहवाहियां। इस दौरान विवाह भी हुआ, वो भी दो बार। आप पढते हैं, आपको आनन्द आता है। लेकिन एक लेखक ही जानता है कि लम्बे समय तक नियमित ऐसा करने से क्या होता है। थकान होने लगती है। वाहवाहियां अच्छी नहीं लगतीं। रुक जाने को मन करता है, विश्राम करने को मन करता है। इस बारे में मैंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा भी था कि विश्राम करने की इच्छा हो रही है। लगभग सभी मित्रों ने इस बात का समर्थन किया था।