Skip to main content

मेघालय यात्रा - गुवाहाटी से जोवाई

Motorcycle Riding in Meghalaya
6 फरवरी 2018 यानी पूर्वोत्तर से लौटने के ढाई महीने बाद ही हम फिर से पूर्वोत्तर जा रहे थे। मोटरसाइकिल वहीं खड़ी थी और तेजपाल जी पता नहीं उसे कितना चला रहे होंगे। हालाँकि हम चाहते थे कि वे इसे खूब चलाएँ, लेकिन हमें पता था कि ढाई महीनों में यह ढाई किलोमीटर भी नहीं चली होगी। मशीनें भी इंसानों की ही तरह होती हैं। काम नहीं होगा, तो आलसी हो जाएँगी और बाद में उनसे काम लेना मुश्किल हो जाएगा। कभी बैटरी का बहाना बनाएगी, तो कभी कुछ। इसलिए दीप्ति दो दिन पहले चली गई, ताकि अगर जरूरी हो तो वह बैटरी बदलवा ले या अगला पहिया बदलवा ले या सर्विस ही करा ले।
दीप्ति ट्रेन से गई। ट्रेन चौबीस घंटे विलंब से गुवाहाटी पहुँची। इससे पहले दीप्ति ने कभी भी इतनी लंबी ट्रेन-यात्रा अकेले नहीं की थी। वह बोर हो गई।
उधर 6 फरवरी को मैंने जेट एयरवेज की फ्लाइट पकड़ी। और जिस समय आसमान में मेरे सामने नाश्ता परोसा जा रहा था, मैं समझ गया कि यात्रा बहुत मजेदार होने वाली है।




दीप्ति बाइक बहुत अच्छी चला लेती है। चूँकि उसके पास लाइसेंस नहीं है, इसलिए अमरोहा-मुरादाबाद के अलावा दूसरी किसी जगह पर बाइक नहीं चलाती। लेकिन आज वह अमेरीगोग से जालुकबाड़ी तक अकेली बाइक ले आई। उसकी जिद को देखते हुए मैंने सलाह दी कि जालुकबाड़ी से आगे बाइक मत लाना, क्योंकि एयरपोर्ट नजदीक होने के कारण उस सड़क पर चेकिंग हो सकती है। और हजार-पंद्रह सौ रुपये अपने पास भी रखने की सलाह दी, ताकि अगर बिना लाइसेंस पकड़ी गई, तो चालान कटवा सके। लेकिन जालुकबाड़ी पहुँचने के बाद यह देखकर मेरे होश उड़ गए कि वह मोटरसाइकिल समेत ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी के पास खड़ी है और पुलिसवालों से बतिया रही है।
हे भगवान! पता नहीं कितने का चालान कटेगा! वायुयान में फ्री भोजन मिलने से संकेत मिले थे कि यात्रा बेहद मंगलमय होने वाली है, लेकिन यहाँ तो अमंगल के समीकरण दिख रहे हैं।
पास गया तो सब मुझे देखकर बड़े खुश हुए। ट्रैफिक पुलिसवाले भी। तारीफ होने लगी हमारी भी और हमारी इस यात्रा की भी। असल में दीप्ति जालुकबाड़ी आकर व्यस्त चौराहे पर कहीं भी बाइक लेकर रुकने से हिचक रही थी, तो वह ट्रैफिक पुलिस के पास ही जा खड़ी हुई और उनसे कुछ देर वहीं रुकने की अनुमति मांग ली।
संकेत वाकई अच्छे थे। पुलिसवालों ने बड़ी आत्मीयता से बात की और आगे की यात्रा की शुभकामनाएँ दीं।
...
एक गाँव के पास सड़क किनारे बने एक रेस्टोरेंट में रुक गए। चाय पीनी थी। इसी में परचून की दुकान भी थी और कई महिलाएँ इसे चला रही थीं। हमने हिंदी में कहा - “दो कप चाय।”
सभी का ध्यान हम पर जरूर था, लेकिन हावभाव से पता चल गया कि हमारी बात किसी के समझ नहीं आई। एक लड़की पास आई। हमने इस बार अंग्रेजी में कहा - “टू टी।”
उसने अपनी खासी भाषा में एक बुढ़िया को कुछ कहा और इधर-उधर कहीं चली गई। बुढ़िया हमें देखकर मुस्कुरा पड़ी और पतीले में से मीट के टुकड़े एक कटोरी में निकालने लगी। इससे पहले कि मीट और भात हमारे पास आता, मैं रसोई में गया और चायपत्‍ती से सने खाली भगोने की ओर इशारा करके बताया कि हमें चाय चाहिए। फिर इशारों में ही बताया कि मीट नहीं चाहिए। बुढ़िया बड़े जोर से हँसी और परचून वाली महिला से कुछ हास-परिहास किया। दोनों हँस पड़ीं। मीट वापस पतीली में उड़ेल दिया और चाय बनाने लगी।
हम वैसे तो शाकाहारी हैं, लेकिन इस तरह के वाकयों से विचलित नहीं होते। किसी मांसाहारी भोजनालय में बैठकर शाकाहार भोजन भी बे-झिझक कर लेते हैं। फिर यह तो मेघालय है। यहाँ हमें ‘शुद्ध वैष्णों भोजनालय’ नहीं मिलने वाला।
...
जोवाई पश्‍चिमी जयंतिया हिल्स जिले का मुख्यालय है। अच्छा-खासा शहर है। एक होटल में गए। साधारण होटल ही था। मालकिन ने हिंदी में किराया बताया - “सत्रह सौ।”
हमने पाँच सौ या ज्यादा से ज्यादा सात सौ - आठ सौ तक का इरादा कर रखा था। सत्रह सौ तो बहुत ज्यादा है। मुझे लगा कि इन्होंने सात सौ ही कहा होगा, लेकिन लहजे के कारण मुझे ‘सत्रह सौ’ सुनाई पड़ा। या फिर इन्हें हिंदी नहीं आती और हमें देखकर हिंदी बोलने की कोशिश कर रही हैं और भूलवश ‘सात’ की बजाय ‘सत्रह’ कह रही हैं।
मैंने दो बार और पूछा। फिर अंग्रेजी में पूछा - “सेवन हंड्रेड?”
“नो, सेवनटीन हंड्रेड।”
मैं वापस मुड़ गया। अब कोई संदेह नहीं रहा कि यह ‘सत्रह सौ’ ही कह रही हैं। हम मोलभाव भी करते, तो कितना करते? मुड़ते-मुड़ते फिर उन्होंने कैलकुलेटर पर लिखकर दिखाया - 1700...
मैं ‘नहीं, नहीं’ कहते हुए बाहर निकल गया।
थोड़ा और आगे गए और जोवाई बाजार की भीड़ में घुस गए। बड़ी भीड़ थी। गाड़ियों की लंबी लाइन। पुलिस वाले ट्रैफिक नियंत्रण करते हुए। लेकिन किसी को कोई जल्दी नहीं। और कोई होरन भी नहीं।
1200 का कमरा एक बार कहते ही 800 का हो गया। होटल वाला यहीं जोवाई का ही रहने वाला था, लेकिन हिंदी अच्छी जानता था। पहले मुझे लगा, राजस्थानी होगा।
असल में ढाई महीने पहले हमने असम और अरुणाचल में बहुत सारे राजस्थानी कारोबारी देखे थे। लग रहा था कि मेघालय में भी राजस्थानी कारोबारी मिलेंगे, लेकिन कोई भी नहीं मिला। और न ही बिहारी, बंगाली मिले।
समोसे देखते ही जीभ लपलपा उठी। हमने ऑर्डर भी दे दिया, लेकिन होटल वाला समझदार था - “ये चिकन समोसे हैं।”
हमारी आँखें खुली रह गईं। पूर्वोत्‍तर में शाकाहारियों को खाने-पीने में सावधान रहना होता है, यह तो हमें पता था; लेकिन समोसे खाने में भी सावधानी दिखानी होगी, यह नहीं सोचा था।
नया अनुभव हुआ।
बाहर सड़क पर भीड़ होने के कारण बाइक नहीं छोड़ सकते थे और न ही होटल में पार्किंग थी। इसका भी बड़ा आसान समाधान निकला।
“बगल में पुलिस स्टेशन है, वहाँ बाइक खड़ी कर आओ।”
आज मेघालय में पहला ही दिन था हमारा। कितने नए अनुभव होंगे! थाने में बाइक खड़ी कर दें!!

ये हाल ही में प्रकाशित हुई मेरी किताब ‘मेरा पूर्वोत्तर’ के ‘मेघालय में प्रवेश’ चैप्‍टर के कुछ अंश हैं। किताब खरीदने के लिए नीचे क्लिक करें:




माँ कामाख्या मंदिर


मंदिर की दीवारों पर


मेघालय में सड़क किनारे संतरा भोज





उमियाम झील

शिलोंग से निकलते हैं, तो पश्चिमी जयंतिया हिल्स जिला शुरू हो जाता है, जिसका मुख्यालय जोवाई है।

जोवाई शहर

जोवाई में शाकाहारी भोजन... पराँठे और आलू की सब्जी

और ये रहे चिकन समोसे










अगला भाग: मेघालय यात्रा - नरतियंग दुर्गा मंदिर और मोनोलिथ






1. मेघालय यात्रा - गुवाहाटी से जोवाई
2. मेघालय यात्रा - नरतियंग दुर्गा मंदिर और मोनोलिथ
3. मेघालय यात्रा - जोवाई से डौकी की सड़क और क्रांग शुरी जलप्रपात
4. मेघालय यात्रा - डौकी में पारदर्शी पानी वाली नदी में नौकाविहार
5. मेघालय यात्रा - डौकी में भारत-बांग्लादेश सीमा पर रोचक अनुभव
6. मेघालय यात्रा - डौकी-चेरापूंजी सड़क और सुदूर मेघालय के गाँव
7. मेघालय यात्रा - चेरापूंजी में नोह-का-लिकाई प्रपात और डबल रूट ब्रिज
8. मेघालय यात्रा - मॉसमाई गुफा, चेरापूंजी
9. मेघालय यात्रा - चेरापूंजी के अनजाने स्थल
10. मेघालय यात्रा - गार्डन ऑफ केव, चेरापूंजी का एक अनोखा स्थान
11. अनजाने मेघालय में - चेरापूंजी-नोंगस्टोइन-रोंगजेंग-दुधनोई यात्रा
12. उत्तर बंगाल यात्रा - बक्सा टाइगर रिजर्व में
13. उत्तर बंगाल यात्रा - तीन बीघा कोरीडोर
14. उत्तर बंगाल - लावा और रिशप की यात्रा
15. उत्तर बंगाल यात्रा - नेवरा वैली नेशनल पार्क
16. उत्तर बंगाल यात्रा - लावा से लोलेगाँव, कलिम्पोंग और दार्जिलिंग
17. दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के साथ-साथ
18. सिलीगुड़ी से दिल्ली मोटरसाइकिल यात्रा




Comments

  1. रोचक यात्रा विवरण

    ReplyDelete
  2. 2016 see ab pad paya tumare blog bhut badiya

    ReplyDelete
  3. अगर निशा जी के पास लाइसेंस नहीं है तो बनवा क्यूँ नही लेते हो ?
    लाइसेंस बनवाना बहुत जरुरी है

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

पुरी यात्रा- जगन्नाथ मन्दिर और समुद्र तट

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 23 अगस्त 2011 को दोपहर तक कोणार्क से मैं वापस पुरी आ गया। टम्पू वाले ने सीधा जगन्नाथ मन्दिर के सामने ही जा पटका। नीचे उतरते ही पण्डों ने घेर लिया कि आ गया शिकार। मैं खुद कभी पूजा-पाठ करता नहीं हूं, पण्डों की क्या मजाल कि यहां भी मुझसे करवा दें। पता चला कि अन्दर मन्दिर में जूते-चप्पल, मोबाइल, कैमरा नहीं ले जा सकते। चप्पल निकालकर मैंने मन्दिर के सामने ही जूताघर में रख दिये। जेब में मोबाइल और कैमरा, पीछे कमर पर बैग लादकर मैं मन्दिर में घुसने लगा। ‘सुरक्षाकर्मियों’ ने सीधे जेब पर हाथ मारा और कहा कि इसे अन्दर नहीं ले जा सकते। वापस जाओ। वापस गया और कैमरा, मोबाइल भी वही जूताघर में रख आया। अब धर्म के इन ठेकेदारों का कायदा-कानून देखिये कि किसी भी कथित सुरक्षाकर्मी ने मेरा भारी-भरकम बैग चेक तक नहीं किया, चेक करना तो दूर कन्धे से उतारने तक को नहीं कहा। मैं आश्चर्यचकित रह गया कि जिस सुरक्षा के नाम पर परम सुरक्षित मोबाइल, कैमरे को अन्दर नहीं ले जाने देते, वही घोर असुरक्षित बैग को कुछ नहीं कह रहे हैं। बस, एक इसी घटना के कारण भारत ...

चूडधार की जानकारी व नक्शा

चूडधार की यात्रा कथा तो पढ ही ली होगी। ट्रेकिंग पर जाते हुए मैं जीपीएस से कुछ डाटा अपने पास नोट करता हुआ चलता हूं। यह अक्षांस, देशान्तर व ऊंचाई होती है ताकि बाद में इससे दूरी-ऊंचाई नक्शा बनाया जा सके। आज ज्यादा कुछ नहीं है, बस यही डाटा है। अक्षांस व देशान्तर पृथ्वी पर हमारी सटीक स्थिति बताते हैं। मैं हर दस-दस पन्द्रह-पन्द्रह मिनट बाद अपनी स्थिति नोट कर लेता था। अपने पास जीपीएस युक्त साधारण सा मोबाइल है जिसमें मैं अपना यात्रा-पथ रिकार्ड नहीं कर सकता। हर बार रुककर एक कागज पर यह सब नोट करना होता था। इससे पता नहीं चलता कि दो बिन्दुओं के बीच में कितनी दूरी तय की। बाद में गूगल मैप पर देखा तो उसने भी बताने से मना कर दिया। कहने लगा कि जहां सडक बनी है, केवल वहीं की दूरी बताऊंगा। अब गूगल मैप को कैसे समझाऊं कि सडक तो चूडधार के आसपास भी नहीं फटकती। हां, गूगल अर्थ बता सकता है लेकिन अपने नन्हे से लैपटॉप में यह कभी इंस्टाल नहीं हो पाया।

ओशो चर्चा

हमारे यहां एक त्यागी जी हैं। वैसे तो बडे बुद्धिमान, ज्ञानी हैं; उम्र भी काफी है लेकिन सब दिखावटी। एक दिन ओशो की चर्चा चल पडी। बाकी कोई बोले इससे पहले ही त्यागी जी बोल पडे- ओशो जैसा मादर... आदमी नहीं हुआ कभी। एक नम्बर का अय्याश आदमी। उसके लिये रोज दुनियाभर से कुंवाई लडकियां मंगाई जाती थीं। मैंने पूछा- त्यागी जी, आपने कहां पढा ये सब? कभी पढा है ओशो साहित्य या सुने हैं कभी उसके प्रवचन? तुरन्त एक गाली निकली मुंह से- मैं क्यों पढूंगा ऐसे आदमी को? तो फिर आपको कैसे पता कि वो अय्याश था? या बस अपने जैसों से ही सुनी-सुनाई बातें नमक-मिर्च लगाकर बता रहे हो? चर्चा आगे बढे, इससे पहले बता दूं कि मैं ओशो का अनुयायी नहीं हूं। न मैं उसकी पूजा करता हूं और न ही किसी ओशो आश्रम में जाता हूं। जाने की इच्छा भी नहीं है। लेकिन जब उसे पढता हूं तो लगता है कि उसने जो भी प्रवचन दिये, सब खास मेरे ही लिये दिये हैं।