Skip to main content

नॉर्थ-बे बीच: कोरल देखने का उपयुक्त स्थान

डेढ़ घंटा रॉस द्वीप पर घूमने के बाद हम वापस जेट्टी पहुँच गये। समय की पाबंदी का उदाहरण देखिये - हमारी बोट नंदिनी जेट्टी पर लगायी जा रही थी। अब यह हमें नॉर्थ-बे ले जायेगी।
इसे नॉर्थ-बे आइलैंड़ भी कहा जाता है, लेकिन मैं इसे ‘आइलैंड़’ नहीं कहूँगा। वैसे तो पूरा अंडमान-निकोबार ही द्वीप-समूहों से बना है। पोर्ट ब्लेयर भी एक द्वीप ही है - बहुत बड़ा द्वीप - इसका नाम है दक्षिणी अंडमान। तो यह जो नॉर्थ-बे है ना, यह पोर्ट ब्लेयर वाले मुख्य द्वीप का ही हिस्सा है। यह रॉस आइलैंड़ की तरह अलग से कोई द्वीप नहीं है। इसलिये इसे नॉर्थ-बे द्वीप कहना गलत है। यह दक्षिणी अंडमान द्वीप का एक हिस्सा है और समुद्री-तट होने के कारण इसे ‘नॉर्थ-बे बीच’ कहना ज्यादा उपयुक्त है, ‘नॉर्थ-बे आइलैंड़’ नहीं।
समुद्र में बड़ी उथल-पुथल थी। लहरें नाव को ऊपर उठा देतीं और फिर धड़ाम से नीचे पटक देतीं। इससे इतना पानी छलकता कि नाव के भीतर भी आ जाता।





एक आदमी ने हिंदी में सभी यात्रियों को बताना शुरू किया - “नॉर्थ-बे में दर्शनीय कुछ नहीं है। यहाँ केवल वाटर एक्टिविटी होती हैं। स्कूबा डाइविंग होती है, इसका इतना चार्ज है, इसमें यह-यह होता है, इतना समय लगता है। ग्लास बॉटम बोट की सैर है, इसका यह किराया है। स्नॉरकलिंग है, इसमें यह होता है।”
हमें स्नॉरकलिंग पसंद आयी - सस्ती होने के कारण। इसमें भी दो विकल्प थे - एक 300 रुपये वाला और दूसरा 600 रुपये वाला। हमने दूसरा विकल्प चुना। यह सब हमारे लिये एकदम नयी चीज थी, इसलिये उत्साहित भी थे। हमें तैरना नहीं आता, लेकिन डूबने का डर भी नहीं लगा।
कोरल समुद्री जीव होते हैं। मुझे इनके बारे में कुछ नहीं पता, लेकिन दीप्ति को सब पता है। चलिये, उसी से जान लेते हैं:
“कोरल अचल समुद्री जीव होते हैं। इनका पूरा शरीर छिद्रयुक्त होता है। इन छिद्रों से पानी आता-जाता रहता है, जिससे इन्हें भोजन और ऑक्सीजन मिलती है। इन्हें स्पंज भी कहा जाता है। इनके शरीर में कैल्शियम की मात्रा अधिक होती है, जिससे ये मरने के बाद अत्यधिक कठोर हो जाते हैं। इनकी बहुत बड़ी-बड़ी कालोनियाँ होती हैं। इस कारण मरने के बाद ये अन्य समुद्री जीवों के निवास स्थान बन जाते हैं और एक जैव-विविधता युक्त क्षेत्र बन जाता है।”
पानी के भीतर यही कोरल हमें देखने थे। किराये पर कपड़े उपलब्ध थे। हमने कपड़े बदले और गाइड़ के साथ घुस गये समुद्र में। उसने हमें एक-एक ‘टायर’ पहना दिया, जिससे डूबने का खतरा समाप्त हो गया। चश्मे वगैरा लगाये और अपने साथ समुद्र में ले चले। गहराई बढ़ती गयी और जमीन हमारे पैरों से बहुत नीचे चली गयी। पानी में डुबकी-सुबकी लगाने का कोई चक्कर नहीं था। बस, चश्मे को पानी पर स्पर्श करो और नीचे रंग-बिरंगे, भिन्न-भिन्न आकृतियों के कोरल देखने शुरू कर दो। उनके बीच में चक्कर लगाती अनगिनत मछलियाँ। गाइड़ हमें प्रत्येक कोरल के बारे में, प्रत्येक मछली और अन्य जीवों के बारे में बताते रहे। अच्छा लगा। 600 रुपये वसूल हो गये।
स्कूबा डाइविंग में भी मुख्य मकसद कोरल देखना ही होता है, लेकिन और ज्यादा गहराई में जाकर। उनकी पीठ पर ऑक्सीजन सिलेंड़र होता है और इस कारण वे ज्यादा दूर व ज्यादा गहरे जा सकते हैं। और भी दूसरी गतिविधियाँ थीं, लेकिन हम स्नॉरकलिंग में ही खुश थे। बाद में इसी कोरल तट पर बड़ी देर तक नहाये और अपने घुटने व टखने छिलवाये। कोरल बहुत सख्त व नुकीले होते हैं और आसानी से आप चोटिल हो जाते हैं। आज मैं भी पहली बार समुद्र में नहाया था और पहली सीख मिली कि कोरल तट पर कभी भी नहाना नहीं चाहिये।
कोरल तट पर किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकती, इसलिये यहाँ पीपों की जेट्टी थी। कंक्रीट का कुछ भी नहीं था। तय समय पर यानी ढाई घंटे बाद बोट आयी और हम वापस पोर्ट ब्लेयर पहुँच गये।



कोरल का एक टुकड़ा


यहाँ हमें समोसे मिले - ताज़े और गर्मागरम

नॉर्थ-बे से दिखता पोर्ट ब्लेयर

दीप्ति सीपियाँ और कोड़ियाँ ढूँढ़ती हुई...





कोरल अनगिनत रूपों वाले होते हैं - सब एक से बढ़कर एक...


केकड़े दिख गये होंगे...


यह है नॉर्थ-बे जेट्टी


इसका कैप्शन आप सुझाईये...

वापस पोर्ट ब्लेयर

जलजीव संग्रहालय... अंदर फोटो लेना मना था, लेकिन दर्शनीय स्थान है... पोर्ट ब्लेयर में अबरडीन जेट्टी के पास...

जहाँ भी कहीं गोलगप्पे दिखें, प्रहार करने में देर नहीं करनी चाहिये...





इतने बड़े-बड़े नारियल पकड़ा दिये... हमसे तो पीये नहीं गये... पहली दस घूँट बड़ी स्वादिष्ट लगीं, फिर जायका बिगड़ने लगा ... और बीस घूँटों के बाद तो पीना असंभव हो गया... दीप्ति अगर बचा-खुचा मुझे न पकड़ाती तो उल्टी कर देती... एक सीख मिली कि छोटा नारियल लेना चाहिये...






1. अंडमान यात्रा - दिल्ली से पोर्ट ब्लेयर
2. अंडमान यात्रा: सेलूलर जेल के फोटो
3. रॉस द्वीप - ऐसे खंड़हर जहाँ पेड़ों का कब्ज़ा है
4. नॉर्थ-बे बीच: कोरल देखने का उपयुक्त स्थान
5. नील द्वीप में प्राकृतिक पुल के नज़ारे
6. नील द्वीप: भरतपुर बीच और लक्ष्मणपुर बीच
7. राधानगर बीच @ हैवलॉक द्वीप
8. हैवलॉक द्वीप - गोविंदनगर बीच और वापस पॉर्ट ब्लेयर
9. अंडमान में बाइक यात्रा: चाथम आरा मशीन
10. अंडमान में बाइक यात्रा: माउंट हैरियट नेशनल पार्क
11. वंडूर बीच भ्रमण
12. अंडमान यात्रा की कुछ वीडियो



Comments

  1. स्कूबा डाइविंग के लिये स्विमिंग आणि जरुरी होती हे क्या नीरज भाई कुछ आयडिया

    ReplyDelete
    Replies
    1. नहीं सुनील जी... स्कूबा डाइविंग के लिये स्विमिंग आवश्यक नहीं है... उनके पास अच्छे उपकरण होते हैं, जिनसे न डूबने का ख़तरा होता है और न ही साँस लेने में समस्या आती है...

      Delete
  2. भोत बढ़िया,हमने तो सारी डायनिंग आती हैं, जोहड़ खूब गोते लगाए है।

    राम राम

    ReplyDelete
  3. Aap ko dar nahi laga? Mujhe to coral dekh kar hi ajeeb sa aur dar sa lag raha hai ki ye Kat na le.
    Maine suna hai ki Lakshdeep to pura hi Coral ka bana island hai.
    Wakai yatra bahut achi rahi aapki.
    Full paisa vasool.

    ReplyDelete
    Replies
    1. कोरल काटते नहीं हैं सर जी... ये बेहद सख्त पत्थर जैसे होते हैं... रंग-बिरंगे होते हैं तो अच्छे भी लगते हैं...

      Delete
    2. Mujhe to ek bar Situhi(pani ka ek jeev) ne kata tha. Tab se pani ke HAR jeev se dar lagta hai.

      Delete
  4. nice to see this journey, cheap and romantic,, with family,,,,

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

पुरी यात्रा- जगन्नाथ मन्दिर और समुद्र तट

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 23 अगस्त 2011 को दोपहर तक कोणार्क से मैं वापस पुरी आ गया। टम्पू वाले ने सीधा जगन्नाथ मन्दिर के सामने ही जा पटका। नीचे उतरते ही पण्डों ने घेर लिया कि आ गया शिकार। मैं खुद कभी पूजा-पाठ करता नहीं हूं, पण्डों की क्या मजाल कि यहां भी मुझसे करवा दें। पता चला कि अन्दर मन्दिर में जूते-चप्पल, मोबाइल, कैमरा नहीं ले जा सकते। चप्पल निकालकर मैंने मन्दिर के सामने ही जूताघर में रख दिये। जेब में मोबाइल और कैमरा, पीछे कमर पर बैग लादकर मैं मन्दिर में घुसने लगा। ‘सुरक्षाकर्मियों’ ने सीधे जेब पर हाथ मारा और कहा कि इसे अन्दर नहीं ले जा सकते। वापस जाओ। वापस गया और कैमरा, मोबाइल भी वही जूताघर में रख आया। अब धर्म के इन ठेकेदारों का कायदा-कानून देखिये कि किसी भी कथित सुरक्षाकर्मी ने मेरा भारी-भरकम बैग चेक तक नहीं किया, चेक करना तो दूर कन्धे से उतारने तक को नहीं कहा। मैं आश्चर्यचकित रह गया कि जिस सुरक्षा के नाम पर परम सुरक्षित मोबाइल, कैमरे को अन्दर नहीं ले जाने देते, वही घोर असुरक्षित बैग को कुछ नहीं कह रहे हैं। बस, एक इसी घटना के कारण भारत ...

मुगलसराय से गोमो पैसेंजर ट्रेन यात्रा

दिल्ली से मुगलसराय 1 सितम्बर 2014, सोमवार सितम्बर की पहली तारीख को मेरी नंदन कानन एक्सप्रेस छूट गई। सुबह साढे छह बजे नई दिल्ली से ट्रेन थी और मुझे ऑफिस में ही सवा छह बज गये थे। फिर नई दिल्ली जाने की कोशिश भी नहीं की और सीधा कमरे पर आ गया। इस बार मुझे मुगलसराय से हावडा को अपने पैसेंजर ट्रेन के नक्शे में जोडना था। ऐसा करने से दिल्ली और हावडा भी जुड जाते। दिल्ली-मुम्बई पहले ही जुडे हुए हैं। पहले भी हावडा की तरफ जाने की कोशिश की थी लेकिन पीछे हटना पडता था। इसका कारण था कि भारत के इस हिस्से में ट्रेनें बहुत लेट हो जाती हैं। चूंकि स्टेशनों के फोटो भी खींचने पडते थे, इसलिये सफर दिन में ही कर सकता था। इस तरह मुगलसराय से पहले दिन चलकर गोमो तक जा सकता था और दूसरे दिन हावडा तक। हावडा से वापस दिल्ली आने के लिये वैसे तो बहुत ट्रेनें हैं लेकिन शाम को ऐसी कोई ट्रेन नहीं थी जिससे मैं अगले दिन दोपहर दो बजे से पहले दिल्ली आ सकूं। थी भी तो कोई भरोसे की नहीं थी सिवाय राजधानी के। राजधानी ट्रेनें बहुत महंगी होती हैं, इसलिये मैं इन्हें ज्यादा पसन्द नहीं करता।

जाटराम की पहली पुस्तक: लद्दाख में पैदल यात्राएं

पुस्तक प्रकाशन की योजना तो काफी पहले से बनती आ रही थी लेकिन कुछ न कुछ समस्या आ ही जाती थी। सबसे बडी समस्या आती थी पैसों की। मैंने कई लेखकों से सुना था कि पुस्तक प्रकाशन में लगभग 25000 रुपये तक खर्च हो जाते हैं और अगर कोई नया-नवेला है यानी पहली पुस्तक प्रकाशित करा रहा है तो प्रकाशक उसे कुछ भी रॉयल्टी नहीं देते। मैंने कईयों से पूछा कि अगर ऐसा है तो आपने क्यों छपवाई? तो उत्तर मिलता कि केवल इस तसल्ली के लिये कि हमारी भी एक पुस्तक है। फिर दिसम्बर 2015 में इस बारे में नई चीज पता चली- सेल्फ पब्लिकेशन। इसके बारे में और खोजबीन की तो पता चला कि यहां पुस्तक प्रकाशित हो सकती है। इसमें पुस्तक प्रकाशन का सारा नियन्त्रण लेखक का होता है। कई कम्पनियों के बारे में पता चला। सभी के अलग-अलग रेट थे। सबसे सस्ते रेट थे एजूक्रियेशन के- 10000 रुपये। दो चैप्टर सैम्पल भेज दिये और अगले ही दिन उन्होंने एप्रूव कर दिया कि आप अच्छा लिखते हो, अब पूरी पुस्तक भेजो। मैंने इनका सबसे सस्ता प्लान लिया था। इसमें एडिटिंग शामिल नहीं थी।