Skip to main content

“मेरा पूर्वोत्तर”... गुवाहाटी से शिवसागर

इस यात्रा-वृत्तांत को आरंभ से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
9 नवंबर 2017
यहाँ दिन जल्दी निकलता है और जल्दी छिपता भी है। दिल्ली से एक घंटा पहले ही दिन निकल आता है। हमें वही दिल्ली वाली आदत थी उठने की, लेकिन आज जल्दी उठ गए। आज हमें कम से कम तिनसुकिया तो पहुँचना ही था, जो यहाँ से 470 किलोमीटर दूर है। मुझे जानकारी थी कि 100 किलोमीटर दूर नगाँव तक चार-लेन का हाईवे है और उसके बाद दो-लेन का। दो-लेन वाली सड़क पर थोड़ी मुश्किल तो होती है, लेकिन फिर भी उम्मीद थी कि दिन ढलने तक तिनसुकिया तो पहुँच ही जाएँगे।
आज ही तिनसुकिया पहुँचने का एक मुख्य कारण था कि कल अरुणाचल में पांगशू पास आम लोगों के लिये खुला रहेगा। सुनने में आया था कि हर महीने की 10, 20 और 30 तारीख को भारत और म्यांमार के बीच स्थित पांगशू पास आम लोगों के लिये खुलता है और दोनों देशों में एक दिन के लिए दोनों देशों के नागरिक आ-जा सकते हैं। हम कल पांगशू पास भी अवश्य जाना चाहते थे।





तो साढ़े छह बजे अमेरीगोग से निकल पड़े। अच्छी ठंड थी और हाथों में दस्ताने पहनने पड़ रहे थे। मेघालय में पेट्रोल सस्ता है, इसलिये सड़क के उस पार से पेट्रोल भरवा लिया। खानापारा से जोराबाट तक की सड़क असम और मेघालय की सीमा बनाती है और इस दूरी में बहुत सारे पेट्रोल पंप हैं। जब गुवाहाटी जैसे बड़े शहर के नजदीक ही पेट्रोल सस्ता मिलेगा, तो सभी यहीं से अपनी टंकी भरवाएँगे। पूर्वी असम और शिलोंग की तरफ जाने वाली प्रत्येक गाड़ी तो निश्चित ही यहीं से टंकी भरवाएगी।
जोराबाट से एक सड़क दाहिने मुड़कर शिलोंग और सिलचर चली जाती है। त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर जाने वाला सारा ट्रैफिक यहीं से होकर जाता है। हम सीधे नगाँव की ओर चलते रहे और जोराबाट से निकलते ही एकदम खाली सड़क से सामना हुआ और कोहरे से भी। सर्दियों में कोहरा तो हमारे यहाँ भी पड़ता है, लेकिन यह कोहरा बड़ा अजीब-सा लगा। यह उतना घना तो नहीं था, लेकिन इसने थोड़ी ही देर में हमें पूरा भिगो दिया। इसका कारण है यहाँ बगल में ‘समुद्र’ का होना। ब्रह्मपुत्र नद किसी समुद्र से कम नहीं और इसकी वजह से पूरा वातावरण नम रहता है। रात में तापमान कम होते ही कोहरा बन जाता है और हल्का कोहरा भी आपको भिगो देता है। जहाँ आसपास पहाड़ियाँ हों, वहाँ यह कोहरा ज्यादा होता है। जोराबाट से कुछ आगे तक पहाड़ियाँ हैं, इसलिये इस इलाके में अच्छा कोहरा था।
लेकिन वो नजारा मुझे अभी भी याद है, जब हम इस कोहरे से बाहर निकलने ही वाले थे। कोहरे से बाहर निकले नहीं थे; हम भीगे हुए थे; सूरज एकदम सामने था और धूप बड़े ही जादुई तरीके से आधा किलोमीटर आगे सड़क पर पड़ रही थी। इससे ज्यादा मैं इस नजारे का वर्णन करने में असमर्थ हूँ।
सड़क किनारे एक बड़ा तालाब दिखा तो बाइक अपने आप ही रुक गई। इसमें बहुत सारे कमल खिले थे और नजारा वाकई स्वर्गीय था। बड़ी देर तक हम यहाँ रुके रहे और कैमरे को तरह-तरह से जूम करके और आड़ा-तिरछा करके फोटो लेते रहे।
बाइक यात्राओं में नींद आना सबसे बड़ी समस्या होती है। और इसका समाधान बड़ा आसान है। बाइक रोकिए, कैमरा निकालिए और फोटो लेने शुरू कर दीजिए। कुछ भी, कैसे भी, किसी के भी। और आप पाएँगे कि नींद गायब हो गई। वैसे हमें इस समय नींद नहीं आ रही थी, लेकिन जब इतने बड़े तालाब में कमल ही कमल खिले हों, तो फोटोग्राफी अपने आप हो ही जाती है। कुछ पक्षी भी बैठे थे, लेकिन वे कैमरे की रेंज से बाहर थे।
कई ‘रॉयल एनफील्ड’ हमसे आगे निकल गईं। मैंने कोई बहुत ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ आगे चलकर जब एक और ‘रॉयल एनफील्ड’ आगे निकली तो ध्यान दिया कि इस पर टैंट, स्लीपिंग बैग और मैट्रेस भी बंधे थे। असम नंबर की बाइक थी। मेरी जिज्ञासा जगी। टैंट है तो जरूर हमारा भाई लंबी और दुर्गम यात्रा पर जा रहा है। पूछताछ करनी चाहिए।
एक ढाबे पर जब वह चाय पीने रुका तो हम भी वहीं रुक गए। बातचीत हुई। पता चला कि पासीघाट में ‘एनफील्ड राइडर्स क्लब’ का सालाना सम्मेलन हो रहा है - 10 से 12 नवंबर तक। वहीं जा रहे हैं सभी। देश से भी और विदेश से भी। वो तो चाय पीकर चला गया, लेकिन मुझे काम मिल गया। इंटरनेट का सहारा लिया और इसके बारे में काफी जानकारी मिल गई। यह ‘नॉर्थ-ईस्ट राइडर्स क्लब’ की तरफ से आयोजन था। केवल ‘रॉयल एनफील्ड’ वाले ही इसमें भाग ले सकते थे। इस बार यह नौवाँ आयोजन था। हर बार अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर होता है यह। इस बार अरुणाचल के पासीघाट में था।
अच्छा है। ऐसे आयोजन होते रहने चाहिएं। कम से कम पूर्वोत्तर में तो जरूरी हैं। शेष भारत के लोगों को भी पता चलना चाहिए कि पूर्वोत्तर भी भारत का ही हिस्सा है। बल्कि ऐसा हिस्सा है, जहाँ से भारत शुरू होता है। लेकिन मुझे दुख इस बात का हुआ कि हम इसमें भाग नहीं ले सकते, क्योंकि हमारे पास ‘रॉयल एनफील्ड’ नहीं थी। ‘डिस्कवर’ थी और आयोजकों का अंग्रेजी में सख्त निर्देश था कि किसी भी अन्य बाइक को आयोजन-स्थल पर आने भी नहीं देंगे। उस समय तो मैंने सोच लिया था कि दिल्ली लौटकर एक ‘डिस्कवर क्लब’ बनाऊँगा और उसमें सख्ती से नियम बनाऊँगा - ‘रॉयल एनफील्ड’ की नो एंट्री।
लेकिन दिल्ली लौटकर किसे फुरसत होती है, इन सबके बारे में सोचने की!

ये हाल ही में प्रकाशित हुई मेरी किताब ‘मेरा पूर्वोत्तर’ के ‘असम के आर-पार’ चैप्टर के कुछ अंश हैं। किताब खरीदने के लिए नीचे क्लिक करें:



असम की पहली सुबह...







बुल्ट के साथ खड़ी अपनी डिस्कवर... लेकिन डिस्कवर इस बुल्ट के साथ अरुणाचल नहीं जा सकती...

और आजकल तो सेल्फी किंग बनना जरूरी होता है...




फिर उसे फेसबुक पर अपलोड करना भी जरूरी होता है...



इस सड़क के बाईं ओर काजीरंगा नेशनल पार्क है...

और दाहिनी ओर कर्बी आंगलोंग की पहाड़ियाँ हैं, जिनमें जंगल भी हैं और चाय की खेती भी...



चाय पीने के ठिकाने...














शिवसागर में शिवडोल मंदिर...











अगला भाग: “मेरा पूर्वोत्तर” - शिवसागर







1. “मेरा पूर्वोत्तर”... यात्रारंभ
2. “मेरा पूर्वोत्तर”... गुवाहाटी से शिवसागर
3. “मेरा पूर्वोत्तर” - शिवसागर
4. “मेरा पूर्वोत्तर” - चराईदेव: भारत के पिरामिड
5. “मेरा पूर्वोत्तर” - अरुणाचल में प्रवेश
6. “मेरा पूर्वोत्तर” - नामदफा नेशनल पार्क
7. “मेरा पूर्वोत्तर” - नामदफा से नामसाई तक
8. “मेरा पूर्वोत्तर” - तेजू, परशुराम कुंड और मेदू
9. “मेरा पूर्वोत्तर” - गोल्डन पैगोडा, नामसाई, अरुणाचल
10. “मेरा पूर्वोत्तर” - ढोला-सदिया पुल - 9 किलोमीटर लंबा पुल
11. “मेरा पूर्वोत्तर” - बोगीबील पुल और माजुली तक की यात्रा
12. “मेरा पूर्वोत्तर” - माजुली से काजीरंगा की यात्रा
13. “मेरा पूर्वोत्तर” - काजीरंगा नेशनल पार्क




Comments

  1. विश्वास नहीं होता कि ऐसा सुनहरा दृश्य हो सकता है और ऐसा सुनहरा राज्य हो सकता है। लाजबाब।

    ReplyDelete
  2. आपके ब्लॉग के माध्यम से में बिना जाए हुए ही यात्रा का आनंद ले लेता हूँ। अगर में यूँ कहूँ की यात्रा वर्णन आपसे अच्छा कोई और नहीं करता तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं हैं। आप यात्रा ब्लॉग में सर्वश्रेष्ठ हैं।

    ReplyDelete
  3. वाह ! बढ़िया वृतांत नीरज ...

    ReplyDelete
  4. यात्रा-वृतांत और नीरज जी आप.....
    बेजोड़ गठजोड़.. !!

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

कोटेश्वर और नारायण सरोवर

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 18 जनवरी 2015 लखपत से नारायण सरोवर की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। किले से निकलते ही एक सडक तो बायें हाथ भुज चली जाती है और एक दाहिने वाली जाती है नारायण सरोवर। नारायण सरोवर से दो किलोमीटर आगे कोटेश्वर है। जैसा कि कई अन्य स्थानों पर भी कथा प्रचलित है कि रावण ने तपस्या करी, शिवजी प्रसन्न हुए और शिवलिंग के रूप में रावण के साथ लंका जाने लगे। लेकिन शर्त लगा दी कि अगर शिवलिंग को जमीन पर रख दिया तो फिर उठाये नहीं उठूंगा। ऐसा ही कोटेश्वर में हुआ। रावण को लघुशंका लगी और शिवजी यहीं पर विराजमान हो गये। अब वर्तमान में मानचित्र देखें तो सन्देह होता है कि रावण शिवजी को कैलाश से ला रहा था या पुरुषपुर से। कैलाश-लंका के बीच में कोटेश्वर दूर-दूर तक भी नहीं आता।

जोशीमठ यात्रा- कर्णप्रयाग और नंदप्रयाग

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 3 अप्रैल 2012 की सुबह मैं और विधान रुद्रप्रयाग में थे। यहां से बस पकडी और घण्टे भर में कर्णप्रयाग जा पहुंचे। आज रुद्रप्रयाग से आगे अलकनन्दा घाटी में मैं पहली बार आया था। नहीं तो मंदाकिनी घाटी में दो बार जा चुका था- एक बार मदमहेश्वर और दूसरी बार केदारनाथ और तुंगनाथ । रुद्रप्रयाग से कर्णप्रयाग जाते समय रास्ते में गौचर पडता है जहां हवाई पट्टी भी है। मेरे ध्यान कुछ कुछ ऐसा है कि कुछ दिन पहले सोनिया गांधी ने गौचर में ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की नींव रखी है। कर्णप्रयाग में अलकनन्दा में पिण्डर नदी आकर मिल जाती है। पिण्डर नदी पिण्डारी ग्लेशियर से निकलती है। मैं पिछले साल अक्टूबर में पिण्डारी ग्लेशियर गया था। तो इस प्रकार पिण्डर नदी पहली ऐसी नदी बन गई जिसका आदि और अन्त मैंने देखा है। आदि और अन्त यानी उद्गम और समागम। यह पिण्डारी ग्लेशियर से यहां कर्णप्रयाग तक आने में सौ किलोमीटर से भी ज्यादा का सफर तय करती है।

ओशो चर्चा

हमारे यहां एक त्यागी जी हैं। वैसे तो बडे बुद्धिमान, ज्ञानी हैं; उम्र भी काफी है लेकिन सब दिखावटी। एक दिन ओशो की चर्चा चल पडी। बाकी कोई बोले इससे पहले ही त्यागी जी बोल पडे- ओशो जैसा मादर... आदमी नहीं हुआ कभी। एक नम्बर का अय्याश आदमी। उसके लिये रोज दुनियाभर से कुंवाई लडकियां मंगाई जाती थीं। मैंने पूछा- त्यागी जी, आपने कहां पढा ये सब? कभी पढा है ओशो साहित्य या सुने हैं कभी उसके प्रवचन? तुरन्त एक गाली निकली मुंह से- मैं क्यों पढूंगा ऐसे आदमी को? तो फिर आपको कैसे पता कि वो अय्याश था? या बस अपने जैसों से ही सुनी-सुनाई बातें नमक-मिर्च लगाकर बता रहे हो? चर्चा आगे बढे, इससे पहले बता दूं कि मैं ओशो का अनुयायी नहीं हूं। न मैं उसकी पूजा करता हूं और न ही किसी ओशो आश्रम में जाता हूं। जाने की इच्छा भी नहीं है। लेकिन जब उसे पढता हूं तो लगता है कि उसने जो भी प्रवचन दिये, सब खास मेरे ही लिये दिये हैं।