Skip to main content

“मेरा पूर्वोत्तर” - चराईदेव: भारत के पिरामिड

इस यात्रा-वृत्तांत को आरंभ से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
10 नवंबर 2017
हम जब सत्‍तर की रफ्तार से दौड़े जा रहे थे, तो दाहिनी तरफ पुरातत्व विभाग का एक सूचना-पट्‍ट लगा दिखा - चराइदेव मैदाम। स्पीड़ सत्‍तर ही रही, लेकिन यह नाम दिमाग में घूमने लगा - पढ़ा है इस नाम को कहीं। शायद कल इंटरनेट पर पढ़ा है। शायद इसे देखने का इरादा भी किया था। बाइक रोक ली। दीप्‍ति से पूछा - “वो पीछे चराइदेव ही लिखा था ना?”
“कहाँ? कहाँ लिखा था? क्या लिखा था?”
“चराइदेव।”
“मैंने ध्यान नहीं दिया।”
मोबाइल निकाला। इंटरनेट चलाया - “हाँ, यह चराइदेव ही है। अहोम राजाओं की पहली राजधानी।”
बाइक वापस मोड़ी और चराइदेव मैदाम वाली सड़क पर चल दिए।




कुछ ही आगे सड़क समाप्‍त हो गई। सामने दो द्वार थे - भारतीय पुरातत्व विभाग और असम राज्य पुरातत्व विभाग। पार्किंग थी। टिकट काउंटर था और कुछ यात्री टिकट भी खरीद रहे थे। बगल में जलपान हेतु कुछ दुकानें भी थीं। यह सब देखकर तसल्ली हुई कि हम एकदम सुनसान स्थान पर नहीं हैं। सामने ही एक किलोमीटर की दूरी पर नागालैंड की पहाड़ियाँ दिख रही थीं। देश का भी और असम का भी यह सुदूर कोना अगर सुनसान होता, तो हमें डर-सा लगता; लेकिन इतनी सारी दुकानें कह रही थीं कि डरने की कोई बात नहीं।
टिकट लेकर अंदर घूमकर आए। अच्छा लगा, बहुत अच्छा लगा। आधे घंटे बाद बाहर निकल रहे थे तो टिकट बाबू एकदम खाली बैठे थे। हमने बातचीत शुरू कर दी:
“आप कहाँ के रहने वाले हो, सर?”
“यहीं शिवसागर के पास का ही हूँ। आप लोग दिल्ली से बाइक पर ही आए हैं यहाँ?”
“नहीं, बाइक तो हमने ट्रेन से गुवाहाटी भेज दी थी। गुवाहाटी से हम बाइक चला रहे हैं।”
“तो आपको चराइदेव का कैसे पता चला?”
“आजकल ज्ञान इंटरनेट से मिलता है। लेकिन ज्यादातर बात अंग्रेजी में है। आप यहाँ के बारे में कुछ अपनी तरफ से बता दीजिए।”
“वर्ष 1228 में अहोम राजवंश की स्थापना यहीं चराइदेव में हुई थी। यह स्थान बहुत समय तक उनकी राजधानी भी बना रहा। तो यहाँ मैदाम में राजा लोगों की कब्रें हैं। जिस तरह मिस्र में हैं ना - पिरामिड़; ठीक उसी तरह यहाँ भी है। आपने देखी होंगी टीले जैसी संरचनाएँ, वे असल में कब्रे ही हैं।”
“हाँ, और एक टीले की खुदाई भी हुई पड़ी है और उसके अंदर सुरंग व कमरे जैसा भी है। लेकिन पानी भरा था, हम अंदर नहीं जा सके।”
“बिल्कुल वही। उस कमरे में शव रखे थे और कुछ अन्य सामान भी था। बाद में उसे षट्कोणीय पिरामिड़ की आकृति में मिट्‍टी से ढक दिया जो अब तक अर्ध-गोलाकार बन गए हैं।”
“हाँ, इनके चारों ओर दो फीट ऊँची षट्कोणीय दीवार भी है। उससे यही पता चलता है कि ये आरंभिक काल में षट्कोणीय ही रहे होंगे।”
“बिल्कुल।”
“लेकिन एक बात बताइये। सबसे पहले इनका पता कैसे चला होगा? वो सामने नागालैंड की पहाड़ियाँ हैं। असम में भी ऊँची-नीची जमीन है। तो ये छोटे-छोटे टीले तो नन्हीं-नन्हीं पहाड़ियों जैसे ही लगते हैं। तो किसी को क्या पड़ी थी कि वो इनकी खुदाई करे और अंदर तहखाने तक पहुँचे?”
“चराइदेव राजधानी रही है। यह स्थान पुरातत्व-वेत्‍ताओं की नजर में तो था ही। फिर इन टीलों के चारों ओर पत्थर की षट्कोणीय दीवार भी किसी ओर इशारा करती थी। और एक दीवार में एक दरवाजे लायक जगह भी बनी थी। दरवाजा नहीं था, लेकिन उस हिस्से में पत्थर नहीं थे और माना जा सकता था कि यह दरवाजा है। उस ‘दरवाजे’ को आधार मानकर एक टीले की खुदाई की गई और इनके रहस्य से पर्दा हटा।”
“जो सामान या ममी टीले के अंदर से निकला, वो कहाँ है अब?”
“कुछ शिवसागर है, कुछ गुवाहाटी है और कुछ दिल्ली भी पहुँच गया।”
“केवल एक ही टीले की खुदाई हुई है या अन्य टीलों की भी हुई है?”
“योजना चल रही है, लेकिन यह स्थान इतनी दूर है कि किसी को दिखाई नहीं पड़ता। अगर यहाँ की भली प्रकार देख-रेख हो तो यहाँ से पुरातत्व को अच्छी आमदनी हो सकती है।”
“यह हालत पूरे देश में लगभग हर पुरा-स्थल की है।”


ये हाल ही में प्रकाशित हुई मेरी किताब ‘मेरा पूर्वोत्तर’ के ‘असम के आर-पार’ चैप्टर के कुछ अंश हैं। किताब खरीदने के लिए नीचे क्लिक करें:


कौन कहता है असम में हिंदी नहीं है?... हिंदी असम की प्रमुख भाषा है...

यह भले ही आपको मिट्‍टी का टीला दिख रहा हो, लेकिन यह असल में षट्‍कोणीय पिरामिड है, जो समय की मार से अर्धगोलाकार हो गया है। इसके अंदर एक तहखाना है और तहखाने में क्या है, वो भगवान जाने... क्योंकि यहाँ बहुत सारे पिरामिड हैं और सभी की खुदाई नहीं हुई है।

इन्हीं पिरामिडों को ‘मैदाम’ कहते हैं... ऐसे ही दो ‘मैदाम’ के बीच से रास्ता निकलता हुआ...

इस पिरामिड की खुदाई हो चुकी है। सबसे बाहर एक मोटी दीवार है, जिसमें दरवाजे के तौर पर स्थान है... फिर आगे बढ़ते हैं, तो अंदर एक तहखाना है, जो इस फोटो में नहीं दिख रहा। अगले किसी फोटो में दिखेगा।

पिरामिड षट्‍कोणीय दीवार से घिरे हैं। यह इसी दीवार का एक कोना है। किसी जमाने में दीवार के पास से ही पिरामिड बनते होंगे, लेकिन वर्षा और मौसम की मार के कारण अब ये काफी छोटे हो गए हैं।

यह है तहखाने के अंदर जाने का रास्ता, जिसमें फिलहाल पानी भरा है।






स्कूली बच्चे, जो यहाँ स्कूल की तरफ से भ्रमण पर आए थे।

यहाँ बहुत सारे छोटे-छोटे ‘मैदाम’ भी हैं। इनके अंदर भी कुछ है या नहीं, पता नहीं।


एक और मैदाम के अंदर जाने का रास्ता। यह सूखा था और हम भीतर तक गए भी थे। लेकिन इसके अंदर कुछ भी नहीं था। जो भी कुछ खुदाई में मिला था, उसे पुरातत्व वाले उठाकर ले गए।



मैदाम देखने के बाद बारी है केक खाने की...

हथकरघे तो असम में घर-घर में होते हैं।





जागुन के रास्ते में चाय मजदूर

हम असम में हैं, पहाड़ियाँ अरुणाचल में हैं... दिल्लीघाट के आसपास कहीं...




डिगबोई जाने वाली सड़क, जिस पर ऑयल इंडिया का लोगो भी है...

डिगबोई-लीडो सड़क...

डिगबोई-लीडो सड़क...



भारत के सबसे पूर्वी स्टेशन पर ‘डिस्कवर’...

मीटरगेज के जमाने में लेखापानी भारत का सबसे पूर्वी रेलवे स्टेशन था... अंग्रेजी जमाने में इस लाइन को आगे बर्मा तक ले जाने की भी योजना थी, जो पूरी नहीं हो सकी... फिलहाल यह स्टेशन बंद है, यहाँ कोई ट्रेन नहीं आती... इसका गेज परिवर्तन नहीं हुआ है... और होगा भी नहीं...

लेखापानी स्टेशन पर मीटरगेज की पटरियाँ...




लेखापानी स्टेशन की इमारत...



असमिया साड़ी पहने दीप्ति जागुन में गीताली सइकिया के साथ...

गीताली का भतीजा पुचकू... जिसका जिक्र वे अपनी फेसबुक पोस्टों में करती रहती हैं...

शाकाहारी अतिथियों के लिए शाकाहारी भोजन...


गीताली की माताजी के साथ...








अगला भाग: “मेरा पूर्वोत्तर” - अरुणाचल में प्रवेश






1. “मेरा पूर्वोत्तर”... यात्रारंभ
2. “मेरा पूर्वोत्तर”... गुवाहाटी से शिवसागर
3. “मेरा पूर्वोत्तर” - शिवसागर
4. “मेरा पूर्वोत्तर” - चराईदेव: भारत के पिरामिड
5. “मेरा पूर्वोत्तर” - अरुणाचल में प्रवेश
6. “मेरा पूर्वोत्तर” - नामदफा नेशनल पार्क
7. “मेरा पूर्वोत्तर” - नामदफा से नामसाई तक
8. “मेरा पूर्वोत्तर” - तेजू, परशुराम कुंड और मेदू
9. “मेरा पूर्वोत्तर” - गोल्डन पैगोडा, नामसाई, अरुणाचल
10. “मेरा पूर्वोत्तर” - ढोला-सदिया पुल - 9 किलोमीटर लंबा पुल
11. “मेरा पूर्वोत्तर” - बोगीबील पुल और माजुली तक की यात्रा
12. “मेरा पूर्वोत्तर” - माजुली से काजीरंगा की यात्रा
13. “मेरा पूर्वोत्तर” - काजीरंगा नेशनल पार्क




Comments

  1. काफी रोचक जानकारी और सभी फोटो लाजबाब। सब मिलाजुला कह सकते हैं कि यह अलग ही दुनिया लगती है। विश्वास भी नहीं होता कि ऐसा सुंदर और हराभरा एरिया हो सकता है।

    ReplyDelete
  2. बहुत ही रोचक और अनूठी जानकारी। धन्यवाद और शुभकामनाऐं।

    ReplyDelete
  3. बहुत ही रुचिकर यात्रा संस्मरण का आलेख ।
    गिताली सेकिया जी मेरी फेसबुक मित्र है ,,,,अच्छा लिखती है ,,,,उन्हें भी पढ़ता रहता हूं ।
    और
    नीरज मुसाफिर तो सदा बहार है बहुत मेहनती और अच्छे यात्रा संस्मरण लेखक भी है ।

    ReplyDelete
  4. Badhiya jaqnkaqri, poorvotar mein bhi mishr jaise pyramid hai jankar achha laga...

    ReplyDelete
  5. अनोखी जानकारियां मिली आपकी इस पोस्‍ट से और यह जानकर सुखद आश्‍चर्य हुआ कि हिन्‍दी असम की मुख्‍य भाषा है।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

डोडीताल यात्रा- उत्तरकाशी से अगोडा

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 31 मार्च 2015 दोपहर बाद दो बजे हम उत्तरकाशी से पांच किलोमीटर आगे गंगोरी में थे। यहां असी गंगा पर पुल बना हुआ है। यहीं से डोडीताल का रास्ता अलग हो जाता है। दस किलोमीटर आगे संगमचट्टी तक तो सडक बनी है, उसके बाद 23 किलोमीटर पैदल चलना पडता है, तब हम डोडीताल पहुंच सकते हैं। गंगोरी में एक जीप वाले से संगमचट्टी के रास्ते की बाबत पूछा तो उसने बताया कि यह रास्ता बहुत खराब है। बाइक जानी भी मुश्किल है, आप बाइक यहीं खडी कर दो और संगमचट्टी के लिये टैक्सी कर लो। हम अभी थोडी ही देर पहले धरासू बैंड से उत्तरकाशी आये थे। वहां भी कई जगह बडी खराब सडक थी। हम दोनों ने एक दूसरे को देखा और कहा- उससे भी ज्यादा खराब सडक मिलेगी क्या? और बाइक पर ही चल पडे।

हल्दीघाटी- जहां इतिहास जीवित है

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । हल्दीघाटी एक ऐसा नाम है जिसको सुनते ही इतिहास याद आ जाता है। हल्दीघाटी के बारे में हम तीसरी चौथी कक्षा से ही पढना शुरू कर देते हैं: रण बीच चौकडी भर-भर कर, चेतक बन गया निराला था। राणा प्रताप के घोडे से, पड गया हवा का पाला था। 18 अगस्त 2010 को जब मैं मेवाड (उदयपुर) गया तो मेरा पहला ठिकाना नाथद्वारा था। उसके बाद हल्दीघाटी। पता चला कि नाथद्वारा से कोई साधन नहीं मिलेगा सिवाय टम्पू के। एक टम्पू वाले से पूछा तो उसने बताया कि तीन सौ रुपये लूंगा आने-जाने के। हालांकि यहां से हल्दीघाटी लगभग पच्चीस किलोमीटर दूर है इसलिये तीन सौ रुपये मुझे ज्यादा नहीं लगे। फिर भी मैंने कहा कि यार पच्चीस किलोमीटर ही तो है, तीन सौ तो बहुत ज्यादा हैं। बोला कि पच्चीस किलोमीटर दूर तो हल्दीघाटी का जीरो माइल है, पूरी घाटी तो और भी कम से कम पांच किलोमीटर आगे तक है। चलो, ढाई सौ दे देना। ढाई सौ में दोनों राजी।

लद्दाख साइकिल यात्रा- पहला दिन- दिल्ली से प्रस्थान

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 4 जून 2013 साइकिल उठाने का पक्का निश्चय कर रखा था। सोच लिया था कि लद्दाख जाऊँगा, वो भी श्रीनगर के रास्ते। मनाली के रास्ते वापसी का विचार था। सारी तैयारियाँ श्रीनगर के हिसाब से हो रही थीं। सबकुछ तय था कि कब-कब कहाँ-कहाँ पहुँचना है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों व हिमालय पार में साइकिल चलाने का कोई अनुभव नहीं था, तो इस गणना की कोई महत्ता नहीं रह गयी थी। जैसे कि साइकिल यात्रा के पहले ही दिन श्रीनगर से सोनमर्ग जाने की योजना थी। यह दूरी 85 किलोमीटर है और लगातार चढ़ाई है। नहीं कह सकता था कि ऐसा कर सकूँगा, फिर भी योजना बनी। दिल्ली से सीधे श्रीनगर के लिये दोपहर एक बजे बस चलती है। यह अगले दिन दोपहर बाद दो बजे श्रीनगर पहुँच जाती है। इस बस की छत पर रेलिंग नहीं लगी होती, इसलिये साइकिल खोलकर एक बोरे में बांधकर ले जाना तय हुआ। दूसरा विकल्प था जम्मू तक ट्रेन से, उसके बाद बस या जीप। दिल्ली से जम्मू के लिये सुबह मालवा एक्सप्रेस निकलती है। इसका समय नई दिल्ली से साढ़े पाँच बजे है। कभी-कभी लेट भी हो जाती है। बस यात्रा की बजाय ट्रेन यात्रा ज्यादा सुवि...