Skip to main content

हम भी आ गए अखबार में

18 फरवरी 2009, दिन बुधवार। रोजाना की तरह इस दिन भी मैं कोट-पैन्ट पहनकर और टाई टूई बांधकर ऑफिस के लिए निकला। अब भईया, हमने जबसे दिल्ली मेट्रो को ज्वाइन किया है, कपडे क्या, जूते जुराब तक बदल गए। मैं तो गले में कसकर बांधे जाने वाले "पट्टे" का धुर विरोधी रहा हूँ। जैसे ही शाहदरा बॉर्डर पर पहुंचा, नजर पड़ी एक अखबार वाले पर। फटाफट दैनिक जागरण लिया, और चलता बना।
खैर, कोई बात नहीं। दोपहर एक बजे लंच कर लिया, देखा कि मोबाइल जी बता रहे हैं कि "2 missed calls" । सुशील जी छौक्कर ने मारी थी दो घंटे पहले। मैंने फोन मिलाया और पूछा कि सुशील जी क्या बात? बोले कि तुमने आज का हिंदुस्तान पढ़ा क्या? मैंने कहा नहीं तो। बोले कि आज उसमे रवीश जी ने तुम्हारे ब्लॉग के बारे में लिखा है। केवल तुम्हारे।

अपुन खुश। तीन चार पांच दोस्तों को साथ लेकर लाइब्रेरी में पहुंचा। सम्पादकीय पेज पर सबसे नीचे मोटे-मोटे काले-काले अक्षरों में लिखा था- "घूमता फिरता एक मुसाफिर जाट" । इसे पढ़कर हम इतने उत्साहित हो गए कि लाइब्रेरियन को कहना पड़ा- "अरे ओये। बाहर निकलो। यहाँ शोर मत मचाओ।" तब जाकर हम जमीन पर आये। दोस्त कहने लगे कि -"अरे वाह! हम इतनी बड़ी 'हस्ती' के साथ हंसी-मजाक करते हैं। चल बेटा जाट, कैंटीन में, थोड़ी सी जेब हलकी कर।" पार्टी के नाम पर मेरी जेब का सौ रूपये का बोझ हल्का हो गया।
साढ़े पांच बजे छुट्टी हुई। दौड़ते-दाड़ते हांफते-हूँफते मैं पहुंचा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर। वहां पर बड़ी मुश्किल से हिंदुस्तान मिला। इसका सम्पादकीय पेज फाड़कर इसे अपनी फाइल में लगा लिया। सोचा कि रविवार को घर जाऊंगा, माँ-बाप को दिखाऊंगा कि "देखो, थारा पूत अखबार में भी आण लगा है।"
लेकिन सारे किये कराये पर पानी फिर गया। रात को साढ़े नौ बजे पापा का फोन आया। ना हेलो, ना हूलो। सीधे कहा कि- " वाह बेटे! ये काम भी करण लगा?" मैंने पूछा कि क्या हुआ? पीछे बैकग्राउंड साउंड की तरह माँ की आवाज आई- "लाल्ला! तेरे पै इब लो तो हमें विश्वास था, पर अब नी रहया।" मैंने फिर पूछा कि हुआ क्या? बोले कि-"हस्तिनापुर में छोरी छेड़ी थी तूने? अर अपनी इस करतूत कू अखबार में भी छपवा रहा है।"
असल में अखबार में भी ऐसा ही लिखा था। लेकिन अपनी उस पोस्ट पर मैंने स्पष्ट लिखा था कि किसी ने एक पर्यटक लड़की को छेड़ दिया था। जब किसी ने भी नाम नहीं बताया तो पूरी की पूरी बटालियन को हस्तिनापुर का चक्कर लगवाया गया था। उनमे मैं भी था। और, बापू को कहाँ अखबार पढने का शौक है? हमारे गाँव में भी हिंदुस्तान आता है। पड़ गयी होगी किसी की नजर। उन्होंने बापू से बता दिया होगा कि देखना जरा, ये मेरठ का नीरज जाट जी है, दिल्ली मेट्रो में नौकरी करता है, कहीं तेरा ही छोरा तो नहीं है। और बापू ने कह दिया कि हाँ, वो ही है।
बस, फिर क्या था। पूरे गाँव में "हाई अलर्ट" घोषित कर दिया कि फ़लाने के छोरे ने अखबार में लिखा है कि उसने लड़की छेडी थी। गाँव वालों ने सोचा कि ये नीरज ने ही लिखा है, ना कि रवीश ने। जैसे न्यूज़ चैनलों में छोटी सी खबर भी ब्रेकिंग न्यूज़ बन जाती है, वैसा ही हाल गाँव वालों का हो गया। गावों में इस तरह की बातें बहुत जल्दी फैलती हैं, क्योंकि गाँव एक परिवार की तरह होता है, सभी लोग एक दूसरे को जानते हैं।
गाँव में मैं बहुत ही सीधा, सादा, शरीफ, मेहनती, पढाकू डैश डैश डैश (मतलब कि सभी अच्छाइयां) माना जाता हूँ। मन में जब तनाव भर गया तो सोचा कि सुशील जी से ही बात करता हूँ। तनाव कम से कम आधा तो हो ही जायेगा। मैंने उन्हें बताया कि ऐसा हो गया है। तो उनका जवाब था-
"यार, तू ये जो कहदे कि हाँ, छेडी थी। मेरी उम्र है तो छेडूंगा ही। चल, मजाक कर रहा हूँ। भाई, ये तो दुनिया है। उन्हें अखबार में ये तो दिखा नहीं कि तेरी कितनी प्रशंसा हो रही है, केवल यही दिखा कि लड़की छेडी थी। तू अपने मम्मी पापा को समझा दे, वे मान जायेंगे। ना भी माने तो "उस पोस्ट" का प्रिंट आउट निकालकर दिखा दे। रहे गाँव वाले, वे तो दूसरों की टांग खिंचाई में ही लगे रहते हैं।"
अच्छा, तो अब तक की खबर का सारांश ये है कि अब हम भी उन "महान" ब्लोगरों की लिस्ट में शामिल हो गए, जिन्हें रवीश जी ने ब्लॉग वार्ता में जगह दी है।

Comments

  1. भई अखबार मे छपने के लिए बहुत बधाई. और यार आज की पोस्ट बडी मस्त लिखी है मजा आगया.

    गांव सम्भल कर जाना कहीं बाबू एक आधा लठ्ठ गलत्फ़हमी मे नही चिपका दें.:) सफ़ाई पहले ही दे के रखना.

    रामराम.

    ReplyDelete
  2. बहुत बधाई भाई.. मेट्रो में तो और ्धाक बढ़ गई होगी..:)

    ReplyDelete
  3. बधाई हो।गांव ज़रा संधलकर जाना।मस्त पोस्ट्।

    ReplyDelete
  4. भई, सेलेब्रिटी होने की कीमत तो चुकानी ही पड़ती है. फिर से बधाई.

    ReplyDelete
  5. भाई मजा आ गया. बधाई हो. बापला को समझा देना.

    ReplyDelete
  6. बधाई जी आपको अखबार में छप जाने की .बढ़िया लगी आपकी यह पोस्ट

    ReplyDelete
  7. फिर से एक बार बधाई। और हाँ मामला सुलझा या नही? वैसे दोस्त तीर कमान से निकल चुका है बैशक अब आप कितनी ही सफाई देते रहे। लोग अब तो बात ही बनाऐगे ही। कोई गल नही छोडो और लग जाओ अच्छी अच्छी पोस्ट लगाने। बस इतना ध्यान रखना कि पोस्ट में लड़की शब्द कही ना हो। हा हा हा।

    ReplyDelete
  8. घणी खुसी हुई जे जान के की इब थारा नाम अखबार में भी आन लाग रिया है...याने के इब आप नाम वाले हो गए भाई...बधाई हो...हम भी लोगां ने के सकेंगे की एक नाम वाला मशहूर इंसान हमारा भी परिचित है...

    नीरज

    ReplyDelete
  9. लै भाई नीरज, इब तों तै होग्या वीआईपी बन्दा.घणी बधाई.......बस बापू के लित्तरां से बच कै इ घरां जाईयो.

    ReplyDelete
  10. डबल बधाई ले लो भाई.. पहली अखबार में आने की और दूसरी इतने मजेदार ईस्टाईल में लिखने की.. :)

    ReplyDelete
  11. अपनी तरफ से भी डबल बधाई.. वैसे सुशील जी ने सही कहा.. जाकर कह दो कि अब नही छेड़ेंगे तो कब छेड़ेंगे... :)

    ReplyDelete
  12. भाई मुसाफिर

    इस ग़लती के लिए माफी। दरअसल आपके ब्लाग में इतना मज़ा आने लगा कि चूक हो गई। आप हीरो तो हो ही। गांव वालों को कह दो कि मुसाफिर नेक बंदा है।

    ReplyDelete
  13. तो मेट्रो का एक चक्कर फ्री....

    ReplyDelete
  14. गांठ बांध लो
    बदनाम होगे
    तो ज्‍यादा
    नाम होगा
    जैसे मेरा
    है हुआ

    अविनाश

    ReplyDelete
  15. मैंने भी पढ़ा था ..बधाई स्वीकारें ..अब जरा संभल कर लिखिएगा

    ReplyDelete
  16. नीरज भाई, अखबार मे छप गये लेकिन गलत तरीके से छप गये । छपने कि बधाई ले लो । अब गांव जाओ तो हैल्मेट पहन कर जाना ओले गिरने वाले है ।

    ReplyDelete
  17. हाँ जी नीरज जी ..पढ़ा तो हमने भी..
    बेहद ख़ुशी ही

    सो लिखतें रहें लिखतें रहें .
    हमारा देहली है ही एसा :))

    बधाई !!

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

ओशो चर्चा

हमारे यहां एक त्यागी जी हैं। वैसे तो बडे बुद्धिमान, ज्ञानी हैं; उम्र भी काफी है लेकिन सब दिखावटी। एक दिन ओशो की चर्चा चल पडी। बाकी कोई बोले इससे पहले ही त्यागी जी बोल पडे- ओशो जैसा मादर... आदमी नहीं हुआ कभी। एक नम्बर का अय्याश आदमी। उसके लिये रोज दुनियाभर से कुंवाई लडकियां मंगाई जाती थीं। मैंने पूछा- त्यागी जी, आपने कहां पढा ये सब? कभी पढा है ओशो साहित्य या सुने हैं कभी उसके प्रवचन? तुरन्त एक गाली निकली मुंह से- मैं क्यों पढूंगा ऐसे आदमी को? तो फिर आपको कैसे पता कि वो अय्याश था? या बस अपने जैसों से ही सुनी-सुनाई बातें नमक-मिर्च लगाकर बता रहे हो? चर्चा आगे बढे, इससे पहले बता दूं कि मैं ओशो का अनुयायी नहीं हूं। न मैं उसकी पूजा करता हूं और न ही किसी ओशो आश्रम में जाता हूं। जाने की इच्छा भी नहीं है। लेकिन जब उसे पढता हूं तो लगता है कि उसने जो भी प्रवचन दिये, सब खास मेरे ही लिये दिये हैं।

जोशीमठ यात्रा- कर्णप्रयाग और नंदप्रयाग

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 3 अप्रैल 2012 की सुबह मैं और विधान रुद्रप्रयाग में थे। यहां से बस पकडी और घण्टे भर में कर्णप्रयाग जा पहुंचे। आज रुद्रप्रयाग से आगे अलकनन्दा घाटी में मैं पहली बार आया था। नहीं तो मंदाकिनी घाटी में दो बार जा चुका था- एक बार मदमहेश्वर और दूसरी बार केदारनाथ और तुंगनाथ । रुद्रप्रयाग से कर्णप्रयाग जाते समय रास्ते में गौचर पडता है जहां हवाई पट्टी भी है। मेरे ध्यान कुछ कुछ ऐसा है कि कुछ दिन पहले सोनिया गांधी ने गौचर में ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की नींव रखी है। कर्णप्रयाग में अलकनन्दा में पिण्डर नदी आकर मिल जाती है। पिण्डर नदी पिण्डारी ग्लेशियर से निकलती है। मैं पिछले साल अक्टूबर में पिण्डारी ग्लेशियर गया था। तो इस प्रकार पिण्डर नदी पहली ऐसी नदी बन गई जिसका आदि और अन्त मैंने देखा है। आदि और अन्त यानी उद्गम और समागम। यह पिण्डारी ग्लेशियर से यहां कर्णप्रयाग तक आने में सौ किलोमीटर से भी ज्यादा का सफर तय करती है।

हल्दीघाटी- जहां इतिहास जीवित है

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । हल्दीघाटी एक ऐसा नाम है जिसको सुनते ही इतिहास याद आ जाता है। हल्दीघाटी के बारे में हम तीसरी चौथी कक्षा से ही पढना शुरू कर देते हैं: रण बीच चौकडी भर-भर कर, चेतक बन गया निराला था। राणा प्रताप के घोडे से, पड गया हवा का पाला था। 18 अगस्त 2010 को जब मैं मेवाड (उदयपुर) गया तो मेरा पहला ठिकाना नाथद्वारा था। उसके बाद हल्दीघाटी। पता चला कि नाथद्वारा से कोई साधन नहीं मिलेगा सिवाय टम्पू के। एक टम्पू वाले से पूछा तो उसने बताया कि तीन सौ रुपये लूंगा आने-जाने के। हालांकि यहां से हल्दीघाटी लगभग पच्चीस किलोमीटर दूर है इसलिये तीन सौ रुपये मुझे ज्यादा नहीं लगे। फिर भी मैंने कहा कि यार पच्चीस किलोमीटर ही तो है, तीन सौ तो बहुत ज्यादा हैं। बोला कि पच्चीस किलोमीटर दूर तो हल्दीघाटी का जीरो माइल है, पूरी घाटी तो और भी कम से कम पांच किलोमीटर आगे तक है। चलो, ढाई सौ दे देना। ढाई सौ में दोनों राजी।