Skip to main content

बीनू कुकरेती का The Jayalgarh Resort



16 नवंबर 2019
आज मैं करोड़ों वर्ष बाद ऋषिकेश से देवप्रयाग वाली सड़क पर बाइक चला रहा था। इससे पहले तब गया था, जब चारधाम परियोजना का काम शुरू नहीं हुआ था। अब चारधाम परोयोजना का काम जोर-शोर से चल रहा था, लेकिन ज्यादातर सड़क बन चुकी थी। बाइक फर्राटे से चलती गई। हाँ, कहीं-कहीं ज्यादा जोर-शोर से काम होता, तो कई जगहों पर गाड़ियों की एक-एक किलोमीटर लंबी लाइन मिली। ऐसे में बहुत सारे ड्राइवर रोंग साइड पर चलकर अपनी गाड़ी को सबसे आगे ले जाते हैं और सामने से आने वाली गाड़ियों का रास्ता बंद कर देते हैं। मैं ऐसे सभी ड्राइवरों को गालियाँ देता हुआ रोंग साइड में चलकर अपनी बाइक को सबसे आगे ले जाकर खड़ी कर देता।

आज मैं जा रहा था बीनू कुकरेती के यहाँ। वह पौड़ी गढ़वाल जिले के बरसूड़ी गाँव का रहने वाला है और कई सालों से दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का धंधा कर रहा था। पूरा परिवार दिल्ली में ही रहता है, लेकिन बीनू का मन पहाड़ों में लगता है, तो वह अपना धंधा छोड़कर पहाड़ में आ गया और श्रीनगर के पास जमीन खरीदकर एक रिसोर्ट बना लिया। मैं भी कई दिनों से हरिद्वार-देहरादून क्षेत्र में ही मंडरा रहा था, तो बीनू कई बार श्रीनगर आने को कह चुका था। आज मैं वहीं जा रहा था।

श्रीनगर से दस किलोमीटर पहले जयालगढ़ नामक स्थान है। यहीं पर The Jayalgarh Resort नाम से बीनू का ठिकाना है। उसने पहले ही बता दिया था कि सड़क के किनारे नीले रंग का बोर्ड लगा मिलेगा, लेकिन मेरा भरोसा गूगल मैप पर ज्यादा होता है और हमेशा यह मेरे भरोसे पर खरा उतरता है। अंधेरा हो चुका था और नीले रंग का बोर्ड मुझे नहीं दिखा। अगर गूगल गर्ल न चिल्लाती, तो मैं श्रीनगर पहुँच गया होता।


मेरा स्वागत बीनू और उसके जर्मन शेफर्ड ने किया, लेकिन बीनू से ज्यादा वजनी जर्मन शेफर्ड है। बीनू को लग रहा था कि मैं और दीप्ति दोनों आएँगे, लेकिन मुझे अकेले को देखकर वह सड़क की ओर दौड़ा। वापस आकर बोला - “दीप्ति बहन कहाँ है?”
“वह नहीं आई। मैं अकेला ही आया हूँ।”
“अबे, सही-सही बता... मजाक मत कर।”
“तो जा ढूँढ ले।”

उसने एक-दो आवाजें लगाईं, लेकिन दीप्ति होती, तो प्रत्युत्तर भी मिलता।
“तो तू अकेला क्यों आया है?”
“मैं आजकल अकेला ही घूम रहा हूँ। उसे दिल्ली में कुछ काम था।”
तभी बीनू दहाड़ा - “ओ... ओये मोनू... इधर आ... नीरज का बिस्तर उस लक्जरी टैंट से हटाकर स्टोर रूम में लगा दे... जर्मन शेफर्ड के बराबर में...”
...
बीनू ने अपने गाँव बरसूड़ी में कई बार घुमक्कड़ सम्मेलन किए थे। उसकी इच्छा बरसूड़ी को उत्तराखंड के पर्यटन नक्शे में लाने की थी। वह सफल भी हो जाता। एक बार तो मैं भी गया था। फिर मैंने अपने अनुभव एक अखबार में भेज दिए, जिन्हें पढ़कर दिल्ली-देहरादून में स्थायी रूप से रह रहे बरसूड़ीवासियों ने खूब खरी-खोटी सुनाई। ये वे बरसूड़ीवासी थे, जो हमेशा के लिए अपना गाँव छोड़ चुके हैं। ये खुद कभी भी अपने गाँव नहीं लौटेंगे। इनके बच्चे तो गाँव का नाम तक भूल जाएँगे। लेकिन इन्हें फेसबुक पर अपने गाँव की बड़ी चिंता रहती है। कमेंट और मैसेज करके मुझे धमकियाँ तक दीं।
तब बीनू मेरे पक्ष में खड़ा हुआ था।

“बरसूड़ी में क्या चल रहा है?” मैंने पूछा।
“कुछ भी नहीं... कुच्छ भी नहीं चल रहा बरसूड़ी में। बस, राजनीति चल रही है।”
“और यह जयालगढ़ का क्या किस्सा है?”

“देख नीरज भाई, दिल्ली मुझे बिल्कुल भी पसंद नहीं है। मुझे पहाड़ पर ही रहना है। बीवी-बच्चों को पहाड़ पसंद नहीं हैं। तो एक बीच का रास्ता निकाला गया... कि वे देहरादून रहेंगे और मैं पहाड़ में। चारधाम परियोजना पूरी हो जाएगी, तो जयालगढ़ से तीन घंटे में देहरादून पहुँचा जा सकता है। यहाँ जयालगढ़ में मैंने एक बेकार जमीन ली थी। इस जमीन पर पहले एक शानदार रिसोर्ट हुआ करता था, लेकिन 2013 की प्रलय में वह बह गया। जमीन सस्ती हो गई, मैंने खरीद ली। दिल्ली में कमाया सारा पैसा लगाकर इसे समतल किया। अलकनंदा यहाँ से सौ फीट नीचे बहती है।
यहाँ कुछ स्विस टैंट हैं, दो स्वीमिंग पूल हैं। लेकिन मेरा उद्देश्य यहाँ टूरिज्म बढ़ाना नहीं है। अब मैं स्थानीय लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूँ। वीकएंड पर श्रीनगर-पौड़ी और टिहरी तक से स्कूली बच्चे यहाँ आते हैं और कुछ सीखकर जाते हैं।
देखो भाई, दिल्ली-देहरादून में बैठकर ही पलायन की बातें होती हैं। सब लोग राजधानियों में बैठकर ही पलायन पर चिंतित होते हैं। पहाड़ में कोई नहीं आना चाहता।”

खैर, चूल्हे पर दाल उबलती रही और हमारी बातें पलायन से फेसबुक पर आ गईं। और आपको पता होना चाहिए कि हम जब भी एक साथ बैठते हैं, तो फेसबुक के बहुत सारे दोस्तों-दुश्मनों और ग्रुपों की बुराई करते हैं। गालियाँ दे-देकर बुराई करते हैं। उन गालियों को यहाँ लिखना ठीक नहीं है।

रात दस बजे तक फाइनल हो गया कि मैं उसी ‘लक्जरी टैंट’ में सोऊँगा।
“इसमें लक्जरी क्या है बे??” मैंने टैंट के अंदर घुसकर बीनू से पूछा - “इसमें तो दो बैड हैं और एक पंखा है, बस।”
“आठ सौ रुपये वाला सैंट भी छिड़का था।”
“अच्छा ठीक है... गुड नाइट।”

17 नवंबर 2019
“गुड मोर्निंग बीनू भाई... मैं जा रहा हूँ नाश्ता करके।”
“नहीं, तू आज कहीं नहीं जा रहा। यहीं रुकेगा।”
“नहीं नहीं, मुझे आगे निकलना है।”
“ओके... ठीक है... चला जा... लेकिन अभी थोड़ी देर में तिवारी जी आने वाले हैं।”
“कौन तिवारी?”
“पी.एस. तिवारी।”
“क्या???? सच्च??? फिर तो मैं रुकता हूँ।”

तिवारी जी को आज सुबह ही आ जाना था, लेकिन गाड़ी से आ रहे थे और एक-एक किलोमीटर वाले उन अनगिनत जामों में ऐसे फँसे कि उन्हें आते-आते अंधेरा हो गया। इस दौरान मैं स्वीमिंग पूल में नहा भी लिया और एक वीडियो भी तैयार कर ली।

तिवारी जी रहने वाले तो शाहदरा के हैं, लेकिन वे भारतीय उच्चायोग में आइसलैंड में भी कार्यरत थे और उसके बाद अफ्रीका के किसी देश में भी रहे। फिलहाल सेवानिवृत होकर दिल्ली में द्वारका में रहते हैं। हमारी जान-पहचान पता नहीं कब से शुरू हुई, लेकिन वे हमेशा आइसलैंड को याद करते हैं। अभी पिछले दिनों मैंने एक किताब पढ़ी - भूतों के देश में... प्रवीन कुमार झा साहब की... तो किताब पढ़ते-पढ़ते भी तिवारी जी ही याद आते रहे।
“सर, झा साहब ने अपनी किताब में भूतों का जिक्र किया है...”
“अरे, आइसलैंड तो है ही भूतों का देश। ऑफिशियली भूतों को माना जाता है और सम्मान भी किया जाता है।”
“क्या आपने भूत देखे हैं??”
“कई बार... किस्से सुनाऊँ?”
“नहीं नहीं... रहने दो..."

अब रात का समय था और मैं नहीं चाहता था कि सोते हुए मुझे अकेले को टैंट में भूत दिखें... या मुझे जर्मन शेफर्ड के साथ स्टोर रूम में बिस्तर साझा करना पड़े।







तिवारी जी...





Videos:





Comments

  1. Wah.. mera zikr bhi ho gaya.. tks. It was great meeting you after many years

    ReplyDelete
  2. श्रीनगर को श्रीनगर (उत्तराखंड ) कर दें , प्लीज । यह आपको बुरा लग सकता है पर अभी भी बहुत सारे लोग केवल कश्मीर वाले श्रीनगर को जानते हैं ।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

कोटेश्वर और नारायण सरोवर

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 18 जनवरी 2015 लखपत से नारायण सरोवर की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। किले से निकलते ही एक सडक तो बायें हाथ भुज चली जाती है और एक दाहिने वाली जाती है नारायण सरोवर। नारायण सरोवर से दो किलोमीटर आगे कोटेश्वर है। जैसा कि कई अन्य स्थानों पर भी कथा प्रचलित है कि रावण ने तपस्या करी, शिवजी प्रसन्न हुए और शिवलिंग के रूप में रावण के साथ लंका जाने लगे। लेकिन शर्त लगा दी कि अगर शिवलिंग को जमीन पर रख दिया तो फिर उठाये नहीं उठूंगा। ऐसा ही कोटेश्वर में हुआ। रावण को लघुशंका लगी और शिवजी यहीं पर विराजमान हो गये। अब वर्तमान में मानचित्र देखें तो सन्देह होता है कि रावण शिवजी को कैलाश से ला रहा था या पुरुषपुर से। कैलाश-लंका के बीच में कोटेश्वर दूर-दूर तक भी नहीं आता।

मैं जंगल में भटक गया

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । कुल्लू के पास बिजली महादेव का मन्दिर है। यहां से पूरा कुल्लू शहर और भून्तर साफ-साफ दिखाई देते हैं। जाने का एकमात्र रास्ता कुल्लू से ही है। लेकिन मैने इरादा किया भून्तर की तरफ से उतरने का। उतरने लगा तो कुछ चरवाहे मिले। उन्होने रास्ता बता दिया। उनके बताये रास्ते पर चलते हुए कुछ दूर जाने पर नीचे उतरती सीढियां मिलीं। सामने बहुत दूर पार्वती नदी दिख रही थी और मणिकर्ण जाने वाली सडक भी। सडक पर चलती हुईं कारें, बसें बहुत नन्ही-नन्ही दिख रही थीं। शाम के पांच बजे के आसपास का टाइम था। मैने अपना लक्ष्य रखा दो घण्टे में यानी सात बजे तक नीचे नदी तक उतरने का। पहाडों का जो थोडा बहुत अनुभव था, उससे अन्दाजा लगाया कि दो घण्टे में नदी तक उतरना बहुत मुश्किल काम है। इसीलिये चलने की स्पीड भी बढा दी।

गोवर्धन परिक्रमा

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 13 फरवरी 2013 सुबह आठ बजे सोकर उठे। कमरे में गीजर लगा था, दो तो नहा लिये, तीसरे का नहाना जरूरी नहीं था। आज हमें गोवर्धन जाना था, ट्रेन थी दस बजे यानी दो घण्टे बाद। धीरज का पाला अभी तक मेरठ छावनी जैसे छोटे स्टेशनों से ही पडा था, इसलिये अनुभव बढोत्तरी के लिये उसे गोवर्धन के टिकट लेने भेज दिया। पहले तो उसने आनाकानी की, बाद में चला गया। आधे घण्टे बाद खाली हाथ वापस आया, बोला कि दस बजे कोई ट्रेन ही नहीं है। क्यों? पता नहीं। पूछताछ पर गये तो पता चला कि यह ट्रेन कुछ दिनों के लिये रद्द है। जरूर इस गाडी को यहां से हटाकर किसी दूसरे रूट पर स्पेशल के तौर पर चला रखा होगा। अब ट्रेन की प्रतीक्षा करने का कोई अर्थ नहीं बनता था, इसलिये रिक्शा करके बस अड्डे पहुंचे और घण्टे भर बाद ही गोवर्धन।