Skip to main content

देवदार के खूबसूरत जंगल में स्थित है बाहू और बालो नाग मंदिर


एक दिन की बात है मैं मोटरसाइकिल लेकर घियागी से बाहू की तरफ चला। इरादा था गाड़ागुशैनी और छाछगलू पास तक जाना। छाछगलू पास का नाम मैंने पहली बार तरुण गोयल से सुना था और इस नाम को मैं हमेशा भूल जाता हूँ। तब हमेशा गोयल साहब से पूछता हूँ और आज भी गोयल साहब से पूछने के बाद ही लिख रहा हूँ। उनसे पूछने का एक कारण और भी है कि वे इसे “छाछगळू” बोलते हैं। और इस तरह बोलते हैं जैसे मुँह में छाछ और गुड़ भरकर बोल रहे हों। तो मुझे यह उच्चारण सुनना बड़ा मजेदार लगता है और मैं बार-बार उनसे इसका नाम पूछता रहता हूँ।

तो उस दिन मैं बाहू तक गया और सामने दिखतीं महा-हिमालय की चोटियों को देखकर मंत्रमुग्ध हो गया। यह समुद्र तल से 2300 मीटर ऊपर है और एकदम सामने ये चोटियाँ दिखती हैं। जीभी और घियागी तो नीचे घाटी में स्थित हैं और वहाँ से कोई बर्फीली चोटी नहीं दिखती। तो यहाँ आकर ऐसा लगा जैसे रोज आलू खाते-खाते आज शाही पनीर मिल गया हो।
जीभी से इसकी दूरी 10 किलोमीटर है और शुरू में बहुत अच्छी सड़क है, फिर थोड़ी खराब है, फिर और खराब है और आखिर में जब आप बाहू में खड़े होते हैं और कोई बस गुजर जाए, तो आप धूल से सराबोर हो जाएँगे, बशर्ते कि उस दिन धूप निकली हो। उस दिन भी तेज धूप निकली थी और जैसे ही बंजार-छतरी बस आई, मुझे गर्मागरम चाय का कप हथेली से ढकना पड़ा था।
फिर हुआ ये कि तेज धूप के कारण मेरी आँखों में जलन होने लगी और मैं वापस घियागी लौट आया - गाड़ागुशैनी और छाछगलू फिर कभी जाने का वादा करके।


अभी हाल ही में जब दीप्ति भी आई हुई थी और दिल्ली से सुनेजा साहब भी आए हुए थे और भरत नागर भी आया हुआ था, तो पूरे सप्ताह ‘धूप कम हो’, ‘धूप कम हो’ का जाप करते-करते भी जब धूप कम नहीं हुई, तो हम निकल पड़े। आज भी इरादा छाछगलू तक जाने का था और पक्का इरादा कर रखा था। सुनेजा साहब को जीभी से शाम तीन बजे की बस पकड़नी थी और उन्होंने कह भी दिया था कि बस जरूर पकड़वा देना।

“नहीं, बस को भूल जाओ। बस पकड़वाने की गारंटी नहीं है। बस पकड़नी है, तो मत चलो। और अगर चलना है, तो बस का नाम भी मत लेना।”
न उन्हें कोई जल्दी थी और न हमें। उन्होंने बस का नाम भी न लेने की प्रतिज्ञा करी और भरत की कार में बैठ गए। पीछे-पीछे मैं और दीप्ति मोटरसाइकिल पर।

धूप भले ही तेज हो, लेकिन तापमान 25 डिग्री से ऊपर नहीं था। आज मैंने धूप का चश्मा लगा लिया था और पूरी बाजू की शर्ट पहन रखी थी। बाहू तालाब के पास बनी पार्किंग में अपनी-अपनी गाड़ियाँ खड़ी कीं और महा-हिमालय को निहारने लगे। देवदार के पेड़, पुरानी शैली के बने हुए बाहू गाँव के घर और महा-हिमालय की बर्फीली चोटियाँ। इच्छा हुई कि काश इस गाँव का कोई व्यक्ति फेसबुक पर मित्र बन जाए और अपने घर बुलाए, तो दो-चार दिन जन्नत में कटेंगे। वैसे यहाँ जिओ और एयरटेल के नेटवर्क बहुत अच्छे हैं, इसलिए माना जा सकता है कि यहाँ के व्यक्ति फेसबुक तो खूब चलाते होंगे।

यहाँ से आगे बालो नाग मंदिर के लिए एक मोटर मार्ग जाता है। यह कच्चा होने के साथ-साथ पथरीला भी है। स्थानीयों ने सुझाव दिया कि दूरी दो किलोमीटर है, लेकिन कार के लायक रास्ता नहीं है।
“कारें जाती तो होंगी।” हमने पूछा।
“हाँ जी, जाती हैं।”
“तो हम ले जाएँ?”
“मत ले जाओ।”
और सबने एक सुर में तय कर लिया कि न कार जाएगी और न ही मोटरसाइकिल। इस वजह से मोटरसाइकिल ने हमेशा की तरह कार को गालियाँ दी होंगी।

यह दो किलोमीटर का पूरा रास्ता देवदार के जंगल से होकर जाता है। मजा आ जाता है। थोड़े उतार-चढ़ाव तो होते हैं, लेकिन थकान नहीं हुई।

और आखिर में जब बालो नाग मंदिर पहुँचे, तो यही महसूस हुआ कि इतने दिन यहाँ रहते हो गए, अब तक क्यों नहीं आए हम?? समुद्र तल से 2340 मीटर ऊपर देवदार के जंगल के बीच में घास का खुला मैदान। और इस मैदान में लकड़ी का बना हुआ मंदिर। अगल-बगल में दो सराय जिनका प्रयोग मेलों के समय होता है। और देवदार के ऊँचे-ऊँचे पेड़ों के बीच से झाँकती महा-हिमालय की चोटियाँ। साफ मौसम में शायद यहाँ से कुल्लू की तरफ धौलाधार और पीर पंजाल भी दिखते होंगे। उधर बायीं तरफ एक नदी, जो कुल्लू और मंडी जिलों की सीमा बनाती है। नदी के इस तरफ कुल्लू जिला और उस तरफ मंडी जिला। नदी के उस तरफ यानी मंडी जिले में शैटी धार की 3100 मीटर ऊँची चोटी और चोटी के बगल से निकलती हुई नई बनी सड़क, जो गाड़ागुशैनी को जंजैहली से सीधा जोड़ती है। यह सड़क अभी गूगल मैप पर नहीं है, लेकिन बताते हैं कि उस पर गाड़ी जा सकती है। तीर्थन वैली से जंजैहली जाने का चौथा रास्ता पता चल गया और सबसे छोटा भी।

यहाँ किसी ने फेसबुक चलाया, तो किसी ने नींद ली। दो घंटे तक तो किसी ने भी यहाँ से चलने का नाम नहीं लिया। और जब दो घंटे बाद यहाँ से चले, तो सबको इतनी भूख लग रही थी कि गाड़ागुशैनी और छाछगलू फिर से भविष्य के गर्त में समा गए।


भरत नागर विद फैमिली...

बाहू गाँव और महा-हिमालय की चोटियाँ... दोनों के बीच में परली पहाड़ी पर चैहणी गाँव भी दिख रहा है और गौर करने पर चैहणी कोठी भी...

बाहू से बालो नाग मंदिर जाने का रास्ता

यह गाँव कुल्लू में है और दूर वाला पहाड़ मंडी में



बालो नाग मंदिर



बालो नाग मंदिर चारों ओर से देवदार के घने जंगल से घिरा है...



मंदिर के पास लिखी शानदार चेतावनी...








जून 2019 के लिए तीर्थन वैली के यात्रा पैकेज



Comments

Popular posts from this blog

रोरिक आर्ट गैलरी, नग्गर

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । नग्गर का जिक्र हो और रोरिक आर्ट गैलरी का जिक्र न हो, असम्भव है। असल में रोरिक ने ही नग्गर को अन्तर्राष्ट्रीय पहचान दी है। निकोलस रोरिक एक रूसी चित्रकार था। उसकी जीवनी पढने से पता चलता है कि एक चित्रकार होने के साथ-साथ वह एक भयंकर घुमक्कड भी था। 1917 की रूसी क्रान्ति के समय उसने रूस छोड दिया और इधर-उधर घूमता हुआ अमेरिका चला गया। वहां से वह भारत आया लेकिन नग्गर तब भी उसकी लिस्ट में नहीं था। पंजाब से शुरू करके वह कश्मीर गया और फिर लद्दाख, कराकोरम, खोतान, काशगर होते हुए तिब्बत में प्रवेश किया। तिब्बत में उन दिनों विदेशियों के प्रवेश पर प्रतिबन्ध था। वहां किसी को मार डालना फूंक मारने के बराबर था। रोरिक भी मरते-मरते बचा और भयंकर परिस्थितियों का सामना करते हुए उसने सिक्किम के रास्ते भारत में पुनः प्रवेश किया और नग्गर जाकर बस गये। एक रूसी होने के नाते अंग्रेज सरकार निश्चित ही उससे बडी चौकस रहती होगी।

जनवरी में स्पीति: किब्बर भ्रमण

8 जनवरी 2016 बारह बजे के आसपास जब किब्बर में प्रवेश किया तो बर्फबारी बन्द हो चुकी थी, लेकिन अब तक तकरीबन डेढ-दो इंच बर्फ पड चुकी थी। स्पीति में इतनी बर्फ पडने का अर्थ है कि सबकुछ सफेद हो गया। मौसम साफ हो गया। इससे दूर-दूर तक स्पीति की सफेदी दिखने लगी। गजब का नजारा था। किब्बर लगभग 4200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसे दुनिया का सबसे ऊंचा गांव माना जाता है। हालांकि लद्दाख में एकाध गांव इससे भी ऊंचा मिल जायेगा, लेकिन फिर भी यह सबसे ऊंचे गांवों में से तो है ही। यहां पहला कदम रखते ही एक सूचना लिखी दिखी - “आमतौर पर यह परांग ला दर्रा (18800 फीट) माह जून से सितम्बर के बीच खुला रहता है। फिर भी जाने से पहले इसकी सूचना प्रशासन काजा से जरूर लें (दूरभाष संख्या 1906-222202) तथा खास कर 15 सितम्बर के पश्चात दर्रे को पार करने की कोशिश घातक हो सकती है। यदि आप स्थानीय प्रदर्शक को साथ लें तो यह आपकी सुरक्षा के लिये उचित होगा।”

भागसू नाग और भागसू झरना, मैक्लोडगंज

इस यात्रा वृत्तान्त को शुरू से पढने के लिये यहां क्लिक करें । हमारी करेरी झील की असली यात्रा शुरू होती है धर्मशाला से। 23 मई की आधी रात तक मैं, गप्पू और केवल राम योजना बनाने में ही लगे रहे। केवल राम ने पहले ही हमारे साथ जाने से मना कर दिया था। अब आगे का सफर मुझे और गप्पू को ही तय करना था। गप्पू जयपुर का रहने वाला है। एक दो बार हिमालय देख रखा है लेकिन हनीमून तरीके से। गाडी से गये और खा-पीकर पैसे खर्च करके वापस आ गये। जब मैंने करेरी झील के बारे में ‘इश्तिहार’ दिया तो गप्पू जी ने भी चलने की हामी भर दी थी। सुबह कश्मीरी गेट पर जब मैंने गप्पू को पहली बार देखा तो सन्देह था कि यह बन्दा करेरी तक साथ निभा पायेगा। क्योंकि महाराज भारी शरीर के मालिक हैं।