Skip to main content

रघुपुर किले की फटाफट यात्रा

Raghupur Fort, Jalori Pass, Kullu

19 जुलाई 2019, शुक्रवार...
दोपहर बाद दिल्ली से करण चौधरी का फोन आया - "नीरज, मैं तीर्थन वैली आ रहा हूँ।”
"आ जाओ।”
फिर दोपहर बाद के बाद फोन आया - "नीरज, मैं नहीं आ रहा हूँ।”
"ठीक है। मत आओ।”
शाम को फोन आया - " हाँ नीरज, कैसे हो?... क्या कर रहे हो?... मैं आ रहा हूँ।”
"आ जाओ।”
रात नौ बजे फोन आया - "अरे नीरज, खाना खा लिया क्या?... सोने की तैयारी कर रहे होंगे?... बस, ये बताने को फोन किया था कि मैं नहीं आ रहा हूँ।”
"ठीक है। मत आओ।”
रात दस बजे फोन आया - "अरे बड़ी जल्दी सो जाते हो तुम।... इतनी जल्दी कौन सोता है भाई!... मैं आ रहा हूँ... बस में बैठ गया हूँ... ये देखो फोटो... सबसे पीछे की सीट मिली है।”
"खर्र.र्र.र्र..."
रात ग्यारह बजे फोन आया - "अरे सुनो, एक पंगा हो गया। बस वाले ने मुझे बाइपास पर उतार दिया है। उस बस में पहले से ही किसी और की बुकिंग थी और बस वाले ने मुझे भी बैठा लिया था। अब उतार दिया है। तो अब मैं नहीं आ रहा हूँ।"
"खर्र.र्र.र्र... खर्र.र्र.र्र..."
रात साढ़े ग्यारह बजे फोन आया - "होये उठ... हमेशा सोता रहता है... मैं आ रहा हूँ... दूसरी बस में सीट मिल गई है।”
"खार्र.र्र.र्र... खूर्र.र्र.र्र... खिर्र.र्र.र्र..."


यह कहानी थी 19 जुलाई की। अब 20 जुलाई की कहानी सुनिए...

करण इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में असिस्टैंट कमिश्नर है... मतलब श्री करण जी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में असिस्टैंट कमिश्नर हैं... मतलब चार साल पहले थे... अब तो कमिश्नर बन गए होंगे... और मैं ठैरा दसवीं पास और मैकेनिकल का सेकंड डिवीजन डिप्लोमा धारी... राजा भोज और गंगू तेली की दोस्ती कब हुई, यह मुझे अभी तक याद है...

बात हजारों साल पुरानी है, जब करण जी न कमिश्नर थे और न ही कमिश्नरी की पढ़ाई कर रहे थे। मेरी नाइट ड्यूटी थी और मैं मोबाइल में indiamike.com खोले बैठा था। इसमें किसी का एक सवाल फ्लैश हुआ - "कोई मुझे दिल्ली के आसपास ऐसी जगह बताओ, जहाँ साइकिल से जाया जा सके और शाम तक लौटा भी जा सके।”
मैंने टाइप कर दिया - "भाई, सुल्तानपुर नेशनल पार्क चले जाओ।”
बस, सुबह चार बजे करण अपनी साइकिल पर शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन पर थे और हम चाय पी रहे थे। मुझे उनकी साइकिल पसंद आ गई। इसके गियर देखे, डिस्क ब्रेक देखे, चेन देखी, पहिये देखे और तय कर लिया कि मुझे भी साइकिल लेनी है। मेरे सभी समकक्षों को कार लेने की धुन सवार थी और मैं साइकिल की धुन पाल रहा था।

बाद में साइकिल ली... पंद्रह हजार की... इस साइकिल से पुष्कर गया, थार में सुदूर तनोट और लोंगेवाला गया, मिजोरम भी गया... और लद्दाख भी। "पैडल पैडल" किताब इसी लद्दाख यात्रा पर आधारित है।

तो आज 20 जुलाई को दोपहर बाद 2 बजे करण घियागी आया। घियागी हिमाचल के कुल्लू जिले में एक छोटा-सा गाँव है, जहाँ मैं पिछले साढ़े तीन महीने से जमा हूँ। आते ही कहने लगा - "जलोड़ी पास चलते हैं और रघुपुर का ट्रैक करेंगे।”

आप अगर अभी-अभी मैदानों से 2000 मीटर की ऊँचाई पर आए हैं और आते ही 3300 मीटर ऊपर ट्रैक करने को कहेंगे, तो मैं मना कर दूँगा। लेकिन करण की और मेरी ’हजारों’ सालों से ऐसी बनती है कि मैं साथ हो लिया। वह न केवल एक अच्छा ट्रैकर है, बल्कि आज भी साइकिल चलाता है। तो ऐसे इंसान को अचानक 3300 मीटर पर मामूली साँस चढ़ेगी, लेकिन कोई गंभीर बात नहीं होगी। आप अगर अच्छे ट्रैकर नहीं हैं और साइकिल भी नहीं चलाते हैं, तो आप ऐसा कभी मत करना। कम से कम एक दिन 2000-2500 मीटर पर अवश्य रुकना। शरीर को एक्लीमेटाइज होना जरूरी होता है।

तो हम मोटरसाइकिल से जलोड़ी पास पहुँचे, मोटरसाइकिल किनारे खड़ी की और वहीं ढाबे में राजमा-चावल खाने लगे। लोगों के पास कुछ हजार रुपये आ जाते हैं, तो वे ढाबों को देखकर वोमिटिंग करने लगते हैं, लेकिन लाखों रुपये सैलरी पाने वाला और रोजाना करोड़ों के कागजों पर साइन करने वाला करण मुझसे पहले भर-प्लेट राजमा-चावल खा गया।

रघुपुर फोर्ट का रास्ता जलोड़ी पास से ही अलग होता है। जलोड़ी पास के एक तरफ पाँच किलोमीटर दूर सेरोलसर झील है, तो दूसरी तरफ तीन किलोमीटर दूर रघुपुर फोर्ट है। रास्ता घने जंगल से होकर जाता है। बारिश का मौसम और झींगुरों ने हमें डराने को अपनी सबसे खतरनाक धुन छेड़ रखी थी। अकेला इंसान हो, तो डर जाए।
शुरू में एक किलोमीटर तक लगभग समतल रास्ता है। फिर एक किलोमीटर तक तेज चढ़ाई है और आखिर में एक किलोमीटर तक घास के मैदान से होकर जाना होता है। एक जगह एक गुज्जर अपनी भैंसों को लिए बैठा था। एक भैंस का दूसरी से झगड़ा हो गया - धे सींग, धे सींग। गुज्जर कोहनी का तकिया बनाकर और तहमद ओढ़कर सो गया। भैंसें कुछ ही देर में शांत हो गईं - एक का सिर दुखने लगा होगा और दूसरी ने अएँ-अएँ करके माफी माँग ली होगी।

रघुपुर फोर्ट अपने किले के अवशेषों के लिए कम और घास के विशाल मैदान के लिए ज्यादा प्रसिद्ध है। हम किले के अवशेषों तक नहीं गए, क्योंकि सतलुज घाटी से घने बादल उठने लगे थे और बरसने की तैयारी करके आए थे। हमारे पास केवल आधे घंटे की ही मोहलत थी।

इस आधे घंटे का इस्तेमाल हमने वापस लौटने में किया। जलोड़ी पास पर ढाबे में चाय पी और वापस घियागी आ गए।

Raghupur Fort, Jalori Pass, Kullu

Raghupur Fort, Jalori Pass, Kullu

















Comments

  1. सफ़ेद मुंह वाली भैस का फोटो तो बड़ा यूनिक है और fog वाले जंगल तो एकदम मस्त

    ReplyDelete
  2. रोचक यात्रा रही ये भी। सफेद मुख वाली भैंस गजब लग रही है।

    ReplyDelete
  3. Neeraj ji. Aap ka Mobile number mil sakta hai kya....

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

पुरी यात्रा- जगन्नाथ मन्दिर और समुद्र तट

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 23 अगस्त 2011 को दोपहर तक कोणार्क से मैं वापस पुरी आ गया। टम्पू वाले ने सीधा जगन्नाथ मन्दिर के सामने ही जा पटका। नीचे उतरते ही पण्डों ने घेर लिया कि आ गया शिकार। मैं खुद कभी पूजा-पाठ करता नहीं हूं, पण्डों की क्या मजाल कि यहां भी मुझसे करवा दें। पता चला कि अन्दर मन्दिर में जूते-चप्पल, मोबाइल, कैमरा नहीं ले जा सकते। चप्पल निकालकर मैंने मन्दिर के सामने ही जूताघर में रख दिये। जेब में मोबाइल और कैमरा, पीछे कमर पर बैग लादकर मैं मन्दिर में घुसने लगा। ‘सुरक्षाकर्मियों’ ने सीधे जेब पर हाथ मारा और कहा कि इसे अन्दर नहीं ले जा सकते। वापस जाओ। वापस गया और कैमरा, मोबाइल भी वही जूताघर में रख आया। अब धर्म के इन ठेकेदारों का कायदा-कानून देखिये कि किसी भी कथित सुरक्षाकर्मी ने मेरा भारी-भरकम बैग चेक तक नहीं किया, चेक करना तो दूर कन्धे से उतारने तक को नहीं कहा। मैं आश्चर्यचकित रह गया कि जिस सुरक्षा के नाम पर परम सुरक्षित मोबाइल, कैमरे को अन्दर नहीं ले जाने देते, वही घोर असुरक्षित बैग को कुछ नहीं कह रहे हैं। बस, एक इसी घटना के कारण भारत ...

कोटेश्वर और नारायण सरोवर

इस यात्रा वृत्तान्त को आरम्भ से पढने के लिये यहां क्लिक करें । 18 जनवरी 2015 लखपत से नारायण सरोवर की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। किले से निकलते ही एक सडक तो बायें हाथ भुज चली जाती है और एक दाहिने वाली जाती है नारायण सरोवर। नारायण सरोवर से दो किलोमीटर आगे कोटेश्वर है। जैसा कि कई अन्य स्थानों पर भी कथा प्रचलित है कि रावण ने तपस्या करी, शिवजी प्रसन्न हुए और शिवलिंग के रूप में रावण के साथ लंका जाने लगे। लेकिन शर्त लगा दी कि अगर शिवलिंग को जमीन पर रख दिया तो फिर उठाये नहीं उठूंगा। ऐसा ही कोटेश्वर में हुआ। रावण को लघुशंका लगी और शिवजी यहीं पर विराजमान हो गये। अब वर्तमान में मानचित्र देखें तो सन्देह होता है कि रावण शिवजी को कैलाश से ला रहा था या पुरुषपुर से। कैलाश-लंका के बीच में कोटेश्वर दूर-दूर तक भी नहीं आता।

मुगलसराय से गोमो पैसेंजर ट्रेन यात्रा

दिल्ली से मुगलसराय 1 सितम्बर 2014, सोमवार सितम्बर की पहली तारीख को मेरी नंदन कानन एक्सप्रेस छूट गई। सुबह साढे छह बजे नई दिल्ली से ट्रेन थी और मुझे ऑफिस में ही सवा छह बज गये थे। फिर नई दिल्ली जाने की कोशिश भी नहीं की और सीधा कमरे पर आ गया। इस बार मुझे मुगलसराय से हावडा को अपने पैसेंजर ट्रेन के नक्शे में जोडना था। ऐसा करने से दिल्ली और हावडा भी जुड जाते। दिल्ली-मुम्बई पहले ही जुडे हुए हैं। पहले भी हावडा की तरफ जाने की कोशिश की थी लेकिन पीछे हटना पडता था। इसका कारण था कि भारत के इस हिस्से में ट्रेनें बहुत लेट हो जाती हैं। चूंकि स्टेशनों के फोटो भी खींचने पडते थे, इसलिये सफर दिन में ही कर सकता था। इस तरह मुगलसराय से पहले दिन चलकर गोमो तक जा सकता था और दूसरे दिन हावडा तक। हावडा से वापस दिल्ली आने के लिये वैसे तो बहुत ट्रेनें हैं लेकिन शाम को ऐसी कोई ट्रेन नहीं थी जिससे मैं अगले दिन दोपहर दो बजे से पहले दिल्ली आ सकूं। थी भी तो कोई भरोसे की नहीं थी सिवाय राजधानी के। राजधानी ट्रेनें बहुत महंगी होती हैं, इसलिये मैं इन्हें ज्यादा पसन्द नहीं करता।